जिलाधिकारी ने साहेबगंज प्रखंड अंतर्गत माधोपुर हजारी रिंग बांध एवं माधोपुर हजारी मुख्य बांध का किया निरीक्षण

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०१ अक्टूबर
जिलाधिकारी (DM) कुमार गौरव ने साहेबगंज प्रखंड की माधोपुर हजारी पंचायत में गंडक नदी का रिंग बांध टूटने की सूचना के बाद तुरंत घटना स्थल का दौरा किया। जिलाधिकारी ने माधोपुर हजारी रिंग बांध, वार्ड नंबर-01 और माधोपुर हजारी मुख्य बांध का बारीकी से निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने रिंग बांध की वर्तमान स्थिति, जलस्तर, बांध की सुरक्षा और संभावित जोखिम वाले संवेदनशील स्थानों का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में बालू भरे बोरे, मिट्टी और अन्य जरूरी सामग्रियां हमेशा उपलब्ध रखने को कहा है। इससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मरम्मत का काम शुरू किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिंग बांध की लगातार और चौबीसों घंटे निगरानी (Monitoring) की जाए। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने और त्वरित कार्रवाई के लिए जल संसाधन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों को अलर्ट मोड में रहने के आदेश दिए गए हैं। जिला जनसम्पर्क अधिकारी लोकेश कुमार झा नें बताया की बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता पहुंचाने तथा राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है और इस क्षेत्र में रेस्क्यू और सहायता के लिए NDRF की टीम भी जुटी हुई है।






