तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी द्वारा सभी कोषांगों के प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ३० सितम्बर
तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चुनाव को लेकर गठित सभी 11 कोषांगों (मतदान केंद्र, प्रशिक्षण, सुरक्षा, आचार संहिता आदि) के माध्यम से व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी. बैठक में उप-निर्वाचन अधिकारी, जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी और चुनाव के लिए गठित किए गए सभी 11 कोषांगों के प्रभारी अधिकारी व कर्मी शामिल थे। उक्त निर्वाचन के सफल संचालन के बाबत मतदान केंद्रों की व्यवस्था से लेकर मतदान कर्मियों की तैनाती, प्रशिक्षण, मतपेटिका, निर्वाचन सामग्री, वाहन और आदर्श आचार संहिता के अनुपालन तक की जिम्मेदारी 11 अलग-अलग कोषांगों को सौंपी गई है। सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने उक्त निर्वाचन से संबंधित अब तक की तैयारियों की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की और उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन से जुड़ा कोई भी काम अंतिम समय के भरोसे नहीं छोड़ा जाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। बैठक में मतदान केंद्रों के प्रस्ताव और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही मतदान कर्मियों की आवश्यकता और उपलब्धता, कर्मियों के प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों के अनुरूप मतपेटिकाओं की उपलब्धता, निर्वाचन सामग्री के आकलन एवं खरीद तथा वाहनों की जरूरत और उपलब्धता की जानकारी ली गई। डीएम ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। निर्वाचन व्यवस्था के तहत माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति, डिस्पैच सेंटर के चिह्नांकन और वहां जरूरी सुविधाओं की भी समीक्षा हुई। मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी, कम्यूनिकेशन प्लान और अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को लेकर भी पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह ने बताया की भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 29 सितंबर 2026 से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 6 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान होगा। 27 अक्टूबर 2026 को मतों की गिनती की जाएगी। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 38 (22 मूल एवं 16 सहायक) और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 17 मतदान केंद्र प्रस्तावित हैं। चुनाव या एमसीसी से जुड़ी जानकारी और शिकायत के लिए आमजन 1950, 06226-796197 और 06226-295421 पर संपर्क किया जा सकता है। 11 कोषांगों के जरिए चुनावी मशीनरी को अलग-अलग जिम्मेदारियों में बांटा गया है। इससे मतदान केंद्र, कर्मी, सामग्री, वाहन और आदर्श आचार संहिता जैसी व्यवस्थाओं की अलग-अलग मॉनिटरिंग होगी। खास फोकस एमसीसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और कंट्रोल रूम के जरिए सूचना-तंत्र मजबूत रखने पर है।





