NEET (UG)–2026 परीक्षा का शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया परीक्षा केंद्रों का जायजा

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २१ जून
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), नई दिल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 का आयोजन सीतामढ़ी जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एकल पाली में संपन्न हुआ। परीक्षा का आयोजन अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक किया गया, जबकि दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए अतिरिक्त समय के साथ परीक्षा 6:15 बजे तक संचालित की गई। परीक्षा के स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रिची पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन की प्रक्रिया, परीक्षार्थियों की सुविधाओं तथा परीक्षा केंद्रों पर लागू दिशा-निर्देशों के अनुपालन का जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, सीतामढ़ी उच्च विद्यालय, डुमरा, कमला बालिका उच्च विद्यालय, डुमरा सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस बलों एवं उड़नदस्ता दलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी निगरानी के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रित रही। जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह ने बताया की जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।





