थाना परिसर में ‘चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर’ की हुई शुरुआत; बच्चों को मिलेगा सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण, थाना परिसर में अब बच्चों को मिलेगा डर से मुक्त, सुरक्षित और खुशहाल माहौल

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०२ अक्टूबर
पुलिस थाना परिसर में बच्चों के लिए विशेष ‘चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर’ की शुरुआत की गई है। इस कॉर्नर में बच्चों के मनोरंजन, खेलकूद और रचनात्मक सीखने से संबंधित आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक रेल-सह-प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक बीना कुमारी (IPS) नें अहियापुर थाना परिसर में ‘चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर’ का उद्घाटन करते हुए कहा की यह पहल बिहार पुलिस के निर्देशानुसार राज्यभर के सभी थानों में बच्चों के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण तैयार करने के तहत की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य थाने में आने वाले बच्चों को एक सहज, सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण प्रदान करना है। अक्सर देखा जाता है कि पुलिस स्टेशन के माहौल को लेकर बच्चों के मन में एक अनजाना डर होता है। इस भय को दूर करने और बच्चों के साथ एक सकारात्मक व संवेदनशील संवाद स्थापित करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। ‘चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर’ में बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक किताबें, कॉमिक्स और ड्राइंग बुक्स, विभिन्न प्रकार के इनडोर खेल, खिलौने और पहेलियाँ (Puzzles), बच्चों के अनुकूल बैठने की व्यवस्था और रंग-बिरंगी दीवारों से सजाया गया एक विशेष स्थान की सुविधा के माध्यम से पुलिस अधिकारी बच्चों से बेहद दोस्ताना माहौल में बातचीत कर सकेंगे, जिससे बाल कल्याण और सुरक्षा से जुड़े मामलों को और अधिक संवेदनशीलता से सुलझाया जा सकेगा। वरीय पुलिस अधीक्षक रेल-सह-प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक नें बताया की हमारा उद्देश्य है कि थाने में आने वाले हर बच्चे को एक सहज और सुरक्षित वातावरण मिले, ताकि उनसे बिना किसी डर के सकारात्मक संवाद स्थापित किया जा सके। पुलिस अब केवल सुरक्षा की प्रतीक ही नहीं, बल्कि बच्चों की सच्ची दोस्त भी है. ‘चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर’ को बाल कल्याण अधिकारी (CWPO) और सक्षम महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संचालित किया जाएगा और इसकी देखरेख विशेष किशोर पुलिस इकाई (Special Juvenile Police Unit) के डीएसपी स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाएगी।




