बिहारराज्यलोकल न्यूज़

‘‘राष्ट्रीय प्रेस दिवस‘‘ के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा “पत्रकारिता: लोकलुभावन या ज़िम्मेदार” विषयक परिचर्चा आयोजित

मुजफ्फरपुर समाहरणालय में ‘‘राष्ट्रीय प्रेस दिवस‘‘ का आयोजन किया गया। इसमें काफ़ी बड़ी संख्या में मीडिया बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भारतीय प्रेस परिषद् द्वारा निर्धारित विषय “Journalism: Populist or Responsible” पर अपना विचार प्रकट किया। इससे पहले जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा ने सभी पत्रकार बंधुओं का स्वागत करते हुए उन्हें राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामना दी गई। भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित थीम “Journalism: Populist or Responsible” पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि सूचनाओं का आदान-प्रदान जितना तथ्यात्मक एवं वैज्ञानिक-दृष्टिकोण पर आधारित होगा उतना ही हमारा समाज प्रगतिशील एवं उन्नत होगा। डीपीआरओ श्री झा ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में मीडिया सदैव अग्रणी रहा है। जनता को जागरूक करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज के सूचना क्रांति के युग में स्वतंत्र एवं उत्तरदायी मीडिया हमारे समृद्ध लोकतंत्र की रीढ़ है। हमारे जैसे प्रजातांत्रिक देश में मीडिया हित-प्रहरी एवं पथ-प्रदर्शक की दोहरी भूमिका में है। उन्होंने कहा कि जीवंत मीडिया एवं सशक्त नागरिक राज्य तथा राष्ट्र के विकास में उत्प्रेरक-सदृश काम कर रहा है। डीपीआरओ श्री झा ने कहा कि आज के आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस के दौर में नई-नई चुनौतियाँ आ रही है। हम जितना अधिक पारदर्शी, तथ्य-आधारित एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखेंगे उतनी तेजी से हम नकारात्मक चीजों से बचे रहेंगे तथा इन चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रेस की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। मीडिया हमारे समृद्ध लोकतंत्र को एक नया आयाम देता है। इस अवसर पर प्रेषित अपनें सन्देश में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन और मीडिया एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण में मीडिया की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होंने कहा कि सूचना क्रांति एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जमाने में मीडिया की भूमिका काफी अहम एवं निर्णायक है। मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। समाज के विकास एवं राष्ट्र निर्माण में आप हमेशा अग्रणी रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा निर्धारित थीम अत्यंत महत्वपूर्ण है। उत्तरदायित्वपूर्ण पत्रकारिता के माध्यम से जनता का विश्वास प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी इसके लिए विशेष प्रयास करें कि नागरिक प्रक्षेत्र में तथ्य-आधारित सूचनाएँ ही आए। हम सभी का दायित्व है कि भ्रामक सूचनाओं के आयाम को रोकें। इसके लिए विज्ञान, तकनीक एवं अन्य विषयों को मीडिया में उचित स्थान दिया जाए ताकि गलत सूचनाओं को प्लेटफॉर्म न मिल पाए। जिलाधिकारी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि छठ महापर्व, बिहार विधान परिषद निर्वाचन, दुर्गा पूजा, श्रावणी मेला सहित सभी अवसरों पर आप सभी ने एक हितधारक के तौर पर अत्यंत सराहनीय भूमिका निभाई है। प्रशासन के अच्छे कार्यों को आप हमेशा समुचित स्थान देते हैं इसके लिए आप सभी के प्रति आभार। प्रशासन को आप फीडबैक भी देते हैं। इससे हमलोगों को और बेहतर करने के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि आप नियमित तौर पर अपना सुझाव एवं फीडबैक दें आपका स्वागत है। जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया एवं डिजिटल मीडिया सहित सभी स्टेकहोल्डर को एथिकल मानदंड का पालन करना चाहिए। जनहित के मूलभूत तथ्यों के बारे में सभी को दृढ़-संकल्पित रहना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मीडिया में प्रतिस्पर्धा बहुत अधिक है, उसमें प्रतीक्षा करने का समय नहीं है, विकल्प नहीं है। आप चाह कर के भी प्रतीक्षा नहीं कर सकते। इस चीज़ को हम लोग समझते हैं। इसीलिए हम लोगों का यह प्रयास होता है कि यथाशीघ्र सूचनाएं आप तक पहुंचे ताकि आपका काम आसान हो और कोई गलत सूचना नहीं फैले। उन्होंने कहा कि सूचनाओं की गति भी बहुत तेज हुई है। सूचना का जो प्रवाह है उसकी गति बहुत ज्यादा हुई है, विभिन्न माध्यमों से वह बहुत तेजी से फैलती है। खबरें बहुत तेजी से फैलती है इसलिए हम लोगों को थोड़ा और सतर्क रहने तथा कार्य-प्रणाली में सेंसिटिविटी लाने की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि आज के समय में खबरों के तीव्र प्रवाह के साथ-साथ प्रामाणिकता एवं विश्वसनीयता भी आवश्यक है। किसी भी समाचार के प्रति अघोषित तौर पर निर्णयात्मक नहीं होना चाहिए। निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से चीजों को रखा जाए। हमलोग इसे फीडबैक के रूप में लेते हैं तथा चीजों को बेहतर करने का प्रयास करते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित के मामलों का संरक्षण, संवर्द्धन एवं प्रोत्साहन प्रशासन एवं मीडिया दोनों का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा जब भी कोई पृच्छा की जाती है तो प्रशासन द्वारा ससमय तथ्यों पर आधारित उत्तर उपलब्ध कराया जाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि कई बार निजी एकाउंट के माध्यम से सोशल मीडिया एवं डिजिटल मीडिया पर गलत सूचनाओं को तेजी से प्रसारित किया जाता है। इससे जनता में संशय की स्थिति उत्पन्न होती है। साथ ही बच्चों एवं युवाओं पर भी गलत प्रभाव पड़ता है। अतः यह समय की मांग है कि गलत सूचनाओं के स्कोप को कम किया जाए।  जिलाधिकारी ने कहा कि आज के समय में भी प्रेस पूरी तरह से भरोसेमंद माना जाता है। सूचना क्रांति के इस दौर में भी आपकी सूचना निस्संदेह अंतिम मानी जाती है। उन्होंने कहा कि प्रेस सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए एक सशक्त माध्यम है। आने वाले समय में आपकी भूमिका और बढ़ती जाएगी। समाज निर्माण एवं राष्ट्र के विकास में आप एक महत्वपूर्ण स्टेकहोल्डर हैं। परिचर्चा में अनेक मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय पर आयोजित परिचर्चा में विस्तार से अपना-अपना विचार प्रकट किया गया। दूरदर्शन संवाददाता अभय कुमार सिंह ने कहा कि गलत सूचनाओं को रोकना हम सभी का साझा दायित्व है। हमलोग उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ जनहित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखें ताकि कोई गलत सूचना न फैले। अखिल भारतीय समाचार-पत्र लेखक परिषद् के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ.ध्रुव कुमार सिंह नें अपनें संबोधन में कहा की आज 16 नवंबर है, वह ऐतिहासिक दिन जब 1966 में ‘भारतीय प्रेस परिषद’ (Press Council of India) ने एक स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रहरी के रूप में काम करना शुरू किया था। यह दिन लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी मीडिया की शक्ति, स्वतंत्रता और उसकी नैतिक जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है। इस वर्ष के राष्ट्रीय प्रेस दिवस की थीम अत्यंत प्रासंगिक है— “पत्रकारिता: लोकलुभावन या जिम्मेदार” (Journalism: Populist or Responsible)। आज हम सूचना क्रांति के युग में जी रहे हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के विस्तार ने खबरों को हर व्यक्ति तक सेकंडों में पहुंचा दिया है। लेकिन इस तेज रफ्तार के बीच पत्रकारिता के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है: क्या मीडिया का उद्देश्य केवल भीड़ की पसंद के अनुसार सनसनीखेज और ‘लोकलुभावन’ खबरें परोसना है, या फिर समाज को सही दिशा दिखाने वाली ‘जिम्मेदार’ पत्रकारिता करना? ‘लोकलुभावन पत्रकारिता’ अक्सर टीआरपी, लाइक्स और क्लिकबेट के पीछे भागती है। यह लोगों की भावनाओं को भड़काने या अधूरे सच को सनसनी बनाकर पेश करने से भी नहीं हिचकती। दूसरी ओर, ‘जिम्मेदार पत्रकारिता’ तथ्यों की कसौटी पर खरी उतरती है। वह बिना किसी डर या पक्षपात के समाज की वास्तविक समस्याओं, सरकार की नीतियों और आम आदमी की आवाज को सामने रखती है। एक सशक्त लोकतंत्र के लिए यह आवश्यक है कि प्रेस न केवल स्वतंत्र हो, बल्कि आत्म-अनुशासित और जवाबदेह भी हो। पत्रकारों का धर्म केवल वही दिखाना नहीं है जो लोग देखना चाहते हैं, बल्कि वह दिखाना है जो समाज के हित में जानना जरूरी है। इस राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर हमें एक जागरूक पाठक और दर्शक बनने का भी संकल्प लेना चाहिए। जब हम जिम्मेदार पत्रकारिता का समर्थन करेंगे और फर्जी व सनसनीखेज खबरों को नकारेंगे, तभी लोकतंत्र का यह चौथा स्तंभ और अधिक मजबूत होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button