उषाकाल में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १६ नवम्बर
मुजफ्फरपुर जिले में सूर्योपासना और लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ आज उषाकाल में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सोमवार तड़के से ही शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं और व्रतियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बुढ़ी गंडक नदी के प्रमुख घाटों—अखाड़ाघाट, आश्रम घाट, सीढ़ी घाट, और सिकंदरपुर के साथ-साथ साहू पोखर और गायघाट जैसे क्षेत्रों में बने मॉडल व कृत्रिम घाटों पर व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना की। उगते सूर्य को दूसरा और अंतिम अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का पारण किया और छठी मैया से परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। महापर्व के दौरान पूरा शहर छठी मैया के पारंपरिक गीतों से गुंजायमान रहा। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस बल की मुस्तैदी के कारण सभी घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे, जिससे पूरा आयोजन बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुआ। जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्रा एवं नगर आयुक्त, ऋतुराज प्रताप सिंह विभिन्न छठ घाटों का लगातार निरीक्षण कर रहे थे तथा स्थिति की निगरानी रख रहे थे। अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण के साथ-साथ एसडीआरएफ के बोट से भी निरीक्षण कर प्रबंधन तथा व्यवस्था का अनुश्रवण किया। पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों, छठव्रतियों, श्रद्धालुओं सहित आम जनता से भी संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक लिया जा रहा था। सभी लोग उत्तम तैयारी एवं उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था से काफ़ी प्रसन्न थे। सभी घाटों पर श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों के लिए हर प्रशासनिक सुविधा थी। आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत सभी प्रबन्ध किया गया था। घाटों पर सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से सुदृढ़ बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, मेडिकल सुविधा, चेंजिंग रूम सहित मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था तथा सुचारू यातायात-प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई थी। दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी। कंट्रोल रूम क्रियाशील था। वीडियो कैमरों-सीसीटीवी से मॉनिटरिंग की जा रही थी। सभी घाटों पर श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों के लिए हर प्रशासनिक सुविधा थी। आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत सभी प्रबन्ध किया गया था। मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था तथा सुचारू यातायात-प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई थी।






