बिहारराज्यलोकल न्यूज़

जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर भवन में भव्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १४ अगस्त

मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर भवन में एक भव्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4:00 बजे से हुई. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप-विकास आयुक्त निशांत सिहारा, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह, प्रोबेशनल आईएएस सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी, गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, विभिन्न संस्थाओं और स्थानीय कलाकारों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. मंच पर देशभक्ति गीत, सामूहिक गायन, नृत्य, लोकगीत और शास्त्रीय नृत्य की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियाँ दी गईं. जिलाधिकारी ने सभी जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का अनुरोध करते हुए कहा की इस आयोजन का उद्देश्य कला के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को जगाना और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक भावनाओं से ओत-प्रोत मनमोहक एवं अद्भुत प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों में देशभक्ति की भावना का संचार किया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों एवं युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को समर्पित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। इसके अलावा, शहर के अन्य हिस्सों जैसे एलएस कॉलेज में भी सीआरपीएफ बैंड द्वारा देशभक्ति धुनों की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा मुजफ्फरपुर शहर देशप्रेम के रंग में डूबा नजर आया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button