बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के स्नातकोत्तर रसायनशास्त्र विभाग (Chemistry Department) के मेधावी छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण और स्थायी छात्रवृत्ति की हुई शुरुआत

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०५ अक्टूबर
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के रसायनशास्त्र विभाग में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए डॉ.महाचंद्र प्रसाद सिंह मेधा छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की गई है। विभाग के 5 टॉपर्स विद्यार्थियों को ₹25,000-₹25,000 की छात्रवृत्ति दी गई है। इस योजना को स्थायी रूप से चलाने के लिए बैंक में ₹30 लाख की एफडी (फिक्सड डिपॉजिट) जमा की गई है। इस योजना के तहत कृति मिलन, रूपा कुमारी, दिवाकर कुमार, राजीव रंजन और परिणिष्ठा को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। इस मेधा छात्रवृत्ति वितरण समारोह’ का आयोजन विश्वविद्यालय के रसायनशास्त्र विभाग और स्वामी सहजानंद सरस्वती विकास सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में में किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री और ‘उच्च जातियों के विकास के लिए गठित राज्य आयोग’ (सवर्ण आयोग) के अध्यक्ष डॉ.महाचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा की उन्होंने स्वयं इसी रसायनशास्त्र विभाग (BRABU) में एक छात्र के रूप में शिक्षा ग्रहण की थी और बाद में यहीं शिक्षक बनकर नई पीढ़ी को पढ़ाया भी था। इस योजना के तहत विभाग के 5 टॉपर्स को ₹25-₹25 हजार की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस स्थायी पहल का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और उनके भविष्य को संवारना है। इस अवसर पर आरा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. मुमताजुद्दीन ने कहा कि इस तरह की छात्रवृत्ति से बच्चों के भीतर उत्साह बढ़ाता है एवं उनके भीतर स्वस्थ प्रतियोगिता की भावना जगती है एवं संस्थानों में शैक्षणिक वातावरण को दिशा मिलती है। समारोह की अध्यक्षता करते हुए बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) समीर कुमार शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अपने ही शिक्षण संस्थान से जुड़े मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्थायी छात्रवृत्ति की व्यवस्था करना अनुकरणीय कदम है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो.(डॉ.) बिपिन कुमार राय, डॉ.शिवनाथ प्रसाद, श्रीविकास, उपेंद्र सिंह, सिंडिकेट सदस्य डॉ.सीमा शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मेधा छात्रवृत्ति वितरण समारोह’ का संयोजन, संचालन एवं स्वागत करते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) नावेदुल हक ने कहा की बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के रसायनशास्त्र विभाग के पांच टॉपर्स को हर साल 25-25 हजार रुपये की मेधा छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस योजना को स्थाई रूप से चलाने के लिए 30 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कराई गई है, जिसके ब्याज से यह राशि हर साल छात्रों को वितरित की जाएगी। मौके पर डॉ. विनोद कुमार चौधरी, डॉ.नूतन, डॉ.ललन कुमार झा, डॉ.भावना एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी, कई विभागों, महाविद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिका सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। धन्यवाद ज्ञापन विभाग के डॉ.अभिनंदन श्रीवास्तव ने कियाl





