पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी का किया गया आयोजन

ध्रुव कुमार सिंह, शिवहर, बिहार, ११ नवम्बर
शिवहर के पुलिस अधीक्षक मो. मोहिबुल्लाह अंसारी की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अनुशील कुमार सहित जिले के सभी पुलिस निरीक्षक (सर्किल इंस्पेक्टर), सभी थानों के थानाध्यक्ष (SHO) और विभिन्न पुलिस शाखाओं के प्रभारी सभी वरीय अधिकारी शामिल रहे। बैठक में पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने जिले में घटित अपराधों की समीक्षा की तथा लंबित कांडों (हत्या, चोरी, एनडीपीएस, पॉक्सो आदि) का समय पर और त्वरित निष्पादन करने के कड़े निर्देश दिए। फरार एवं वांछित अभियुक्तों, हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों तथा जेल से छूटे अपराधियों की गिरफ्तारी और सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। अपराध नियंत्रण के लिए नियमित एवं प्रभावी गश्त बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता तथा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों व एंटी-रोमियो टीम की तैनाती के निर्देश दिए गए। अवैध शराब और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा कानून-व्यवस्था एवं आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को जवाबदेही, तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।






