मुहर्रम को लेकर डीएम-एसएसपी ने शहर का भ्रमण कर स्थिति का लिया जायजा, अधिकारियों को अलर्ट एंड एक्टिव रहने का सख्त निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, (बिहार) २६ जून
मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहा। पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों एवं जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा प्रशासनिक तैयारियों का गहन जायजा लिया और मौके पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न चौक-चौराहों, ताजिया मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर वहां की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा हर परिस्थिति पर पैनी नजर बनाये रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों से कहा गया कि वे पूरी तरह एक्टिव एंड अलर्ट मोड में रहकर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाये रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने निर्धारित स्थलों पर समय से उपस्थित रहें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद स्थापित किया। उन्होंने आम लोगों से मुहर्रम पर्व के अवसर पर आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाये रखने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय एवं मुस्तैदी के साथ क्रियाशील हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें और किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार रहें। इस प्रकार मुहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए सारी पुख्ता तैयारी पूरी कर प्रभावी क्रियान्वयन किया गया तथा प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध दिखा।





