वैशाली SSP ने किया लालगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण: पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और गश्ती बढ़ाने पर जोर

ध्रुव कुमार सिंह, लालगंज (वैशाली), बिहार, ३० सितम्बर
कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) शुभांक मिश्रा ने लालगंज थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के सभी दस्तावेजों, अभिलेखों के रख-रखाव और पुलिस बल की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। थाने के विभिन्न रजिस्टरों, लंबित मामलों (Pending Cases) और वारंट/कुर्की के तामिला की स्थिति को देखा गया। मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और परिसर की साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रोजाना की कार्य योजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुलिस और जनता के बीच समन्वय बेहतर हो, ताकि अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने थाना स्तर पर अनुशासन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आम जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए पुलिस कप्तान ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सुबह की गश्ती को और सघन किया जाएगा तथा अपराधियों व संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए जगह-जगह नए चेक पॉइंट स्थापित किए जाएंगे। एसएसपी ने थाना प्रभारी और सभी पुलिस पदाधिकारियों को मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाने तथा जन-शिकायतों का त्वरित निपटारा करने का सख्त निर्देश दिया है। पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने, गश्ती (Patrolling) तेज करने और अपराध पर लगाम लगाने के कड़े निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री मिश्रा के इस औचक वार्षिक निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान लालगंज (सदर अनुमंडल-2) के एसडीपीओ (SDPO) गोपाल मंडल, लालगंज पुलिस अंचल निरीक्षक (CI/सर्किल इंस्पेक्टर) अरुण कुमार मंडल, लालगंज थानाध्यक्ष (थाना प्रभारी) इंस्पेक्टर सुभाष प्रसाद, थाने के सभी सब-इंस्पेक्टर (SI / उप-निरीक्षक), असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI / सहायक उप-निरीक्षक), प्रातःकालीन गश्ती दल (Patrolling Team) सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी व सशस्त्र बल के जवान उपस्थित थें.





