प्रमंडलीय आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी के निर्देशानुसार बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के कार्यों के संचालन हेतु अधिकारियों और कर्मियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०३ अक्टूबर
तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर के तिरहुत प्रमंडल कार्यालय में प्रमंडलीय आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह के निर्देशानुसार बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, 2026 के कार्यों के संचालन हेतु अधिकारियों और कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। मतदान एवं मतगणना के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें चारों जिलों-सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली- के पदाधिकारी और कर्मी भाग लेंगे। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 04-तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान की तिथि दिनांक 23.10.2026 (शुक्रवार) एवं मतगणना की तिथि दिनांक 27.10.2026 (मंगलवार) को निर्धारित है। मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संचालित करने हेतु मतदान एवं मतगणना कर्मियों का सघन प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। इस आलोक में 04-तिरहुत स्नातक एवं 04-तिरहुत शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र में अवस्थित सभी 4 (चार) ज़िलों यथा- सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली जिले के मतदान कर्मियों (पीठासीन पदाधिकारी तथा प्रथम मतदान अधिकारी) एवं समस्त मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण निर्धारित किया गया है। मतदान कर्मियों का निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम: स्थान : एवी हॉल, एमआईटी, मुजफ्फरपुर दिनांक 08.10.2026: पीठासीन पदाधिकारी (PO; 11:00 बजे पूर्वाह्न से 01:00 बजे अपराह्न तक) तथा प्रथम मतदान अधिकारी (P1; 02:00 बजे अपराह्न से 04:00 बजे अपराह्न तक)। दिनांक 12.10.2026: पीठासीन पदाधिकारी (PO; 11:00 बजे पूर्वाह्न से 01:00 बजे अपराह्न तक) तथा प्रथम मतदान अधिकारी (P1; 02:00 बजे अपराह्न से 04:00 बजे अपराह्न तक) साथ ही, पीठासीन पदाधिकारी तथा अन्य सभी मतदान कर्मी P1, P2 एवं P3 का प्रशिक्षण जिला के प्रशिक्षण कोषांग द्वारा सम्पन्न कराने का निदेश दिया गया है। सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, 04-तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र-सह-जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी/शिवहर/मुजफ्फरपुर/वैशाली को निदेशित किया गया है कि अपने सभी मतदान कर्मियों का अंतिम प्रशिक्षण डिस्पैच दिवस अर्थात् पोल डेट से एक दिन पूर्व दिनांक 22.10.2026 को अपने जिला मुख्यालय स्थित डिस्पैच केन्द्रों से प्रदान करेंगे। मतगणना कर्मियों से संबंधित निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम: स्थान : एवी हॉल, एमआईटी, मुजफ्फरपुर दिनांक 14.10.2026: काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट इत्यादि (11:00 बजे पूर्वाह्न से 01:00 बजे अपराह्न तक) दिनांक 21.10.2026: काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट इत्यादि (11:00 बजे पूर्वाह्न से 01:00 बजे अपराह्न तक) निर्धारित है. प्रमंडलीय आयुक्त ने निदेश दिया है कि उक्त निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सभी पीठासीन पदाधिकारी एवं सभी P1 (रिजर्व सहित) प्रशिक्षण में भाग लेना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, 04-तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र-सह-जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी/शिवहर/मुजफ्फरपुर/वैशाली को निर्देश दिया गया है कि सभी संबंधित पदाधिकारियों/कर्मियों को वर्णित प्रशिक्षण में ससमय भाग लेने हेतु निदेशित करते हुए स्वयं भी प्रशिक्षण में भाग लेना सुनिश्चित करें। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग है। यह पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों का त्रुटिरहित, निष्पक्ष एवं विश्वसनीय ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने के योग्य बनाता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन में प्रतिनियुक्त सभी अधिकारी एवं कर्मी लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत प्रतिनियुक्ति की तारीख से निर्वाचन परिणाम के घोषित किए जाने की तारीख तक भारत निर्वाचन आयोग में प्रतिनियुक्त समझे जाते हैं और तदनुसार उस अवधि के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के *नियंत्रण, अधीक्षण और अनुशासन* के अधीन कार्यरत रहते हैं। *आयुक्त ने कहा कि सभी को अपने कार्यों में पारदर्शिता बनाये रखनी है। उन्हें सिर्फ पारदर्शी रहना ही नहीं बल्कि पारदर्शी दिखना* भी है। इसी उद्देश्य से निर्वाचन कार्य में संलग्न हर एक पदाधिकारी एवं कर्मी को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पूर्व में नाम-निर्देशन कोषांग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया था। अब पीठासीन पदाधिकारियों, प्रथम मतदान अधिकारियों (पी1), काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट इत्यादि के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि चुनाव में इनकी भूमिका एवं इनका उत्तरदायित्व काफी महत्वपूर्ण है। इसको अच्छी तरह से जानने में प्रशिक्षण अहम भूमिका निभाता है। प्रमंडलीय आयुक्त ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी और कर्मी प्रशिक्षण से लाभ प्राप्त कर अपने-अपने दायित्वों का *पारदर्शिता एवं निष्पक्षता* सुनिश्चित करते हुए आयोग के निदेशों के अनुसार समुचित निर्वहन करेंगे। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्वि-वार्षिक निर्वाचन *स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण* वातावरण में सम्पन्न कराना *सर्वोच्च प्राथमिकता* है। संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। प्रमंडल स्तर पर 11 कोषांग क्रियाशील है। जिलों में भी निर्धारित मानकों के अनुरूप विभिन्न कोषांग सक्रिय है।




