हर घर तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, देशभक्ति के रंग में रंगा सीतामढ़ी, प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १४ अगस्त
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व संध्या पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सीतामढ़ी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल विभाग की मंत्री-सह-सीतामढ़ी की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए हजारों लोगों की सहभागिता से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा जिला अतिथि गृह से प्रारंभ होकर कारगिल चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगे ने पूरे वातावरण को राष्ट्रीय गौरव एवं देशप्रेम की भावना से भर दिया। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने उत्साह के साथ इसका स्वागत किया। तिरंगे की छटा और लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर विधायक सुनील कुमार पिंटू, विधायक पंकज मिश्रा, विधायक रीगा बैद्यनाथ प्रसाद, विधायक गायत्री देवी, पूर्व विधायक राम नरेश यादव, जिलाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, उप-विकास आयुक्त श्वेता भारती सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सुश्री सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व और गौरव से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी की धरती से जिस उत्साह और उमंग के साथ हजारों लोग तिरंगा यात्रा में शामिल हुए हैं, वह जिले की देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। हमारा दायित्व है कि हम स्वतंत्रता के मूल्यों को आत्मसात करें और देश की एकता एवं अखंडता को और मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं। यात्रा के दौरान लोगों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने जिले में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया। जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह नें बताया की जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिकाधिक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।





