बिहारराज्यलोकल न्यूज़

डुमरा में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का उद्घाटन, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं आश्रितों को स्थानीय स्तर पर मिलेंगी सभी सुविधाएं

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार ०३ जुलाई

सीतामढ़ी जिले के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को सैनिक कल्याण से संबंधित सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इसी उद्देश्य से डुमरा स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का उद्घाटन जिलाधिकारी रिची पाण्डेय, (भा.प्र.से.) द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी विंग कमांडर यू. के त्रिपाठी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आनंद कुमार, अपर समाहर्ता (सामान्य) अमूल्य रतन सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, उनके आश्रित एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के संचालन से जिले के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को अब सैनिक कल्याण संबंधी कार्यों के लिए अन्य जिलों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अब एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा, जिससे समय एवं संसाधनों की बचत के साथ-साथ समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति पूर्णतः संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के सुचारु संचालन तथा भविष्य में इसके सुदृढ़ीकरण हेतु प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी विंग कमांडर यू. के. त्रिपाठी ने उपस्थित अतिथियों एवं पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्यालय सैनिक समुदाय, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के लिए कार्यालय निरंतर कार्य करेगा। समारोह में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कर्मी टुनटुन साह सहित पूर्व वायु सैनिक नरेंद्र कुमार सिंह, अनिल कुमार, लक्ष्मी राय, रामेश्वर पूर्वे, शिवेंद्र मिश्रा, अरुण कुमार सिंह, एस.के सिंह, विजय प्रसाद, अवध बिहारी प्रसाद, एस.के पटेल, सुशील राय, अशोक चौधरी, एस.पी मिश्रा तथा बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button