बिहारराज्यलोकल न्यूज़

बाल संरक्षण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में समयबद्ध कार्य निष्पादन पर डीएम का जोर, बाल विवाह उन्मूलन टास्क फोर्स की बैठक शीघ्र कराने का निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ०३ अक्टूबर

सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आयोजित बाल संरक्षण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को किसी भी कार्य के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। संबंधित अधिकारी एवं कर्मी अपने स्तर से मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कार्यों में अनावश्यक विलंब से बचने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में विभिन्न प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराने, जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा UDID कैंप में अधिक से अधिक दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बैटरी चालित ट्राई साइकिल, कबीर अंत्येष्टि योजना एवं सहयोग शिविर सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने पर भी चर्चा हुई। बाल संरक्षण की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिले में अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें परवरिश योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने बालिकाओं के अल्प प्रवासन से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली तथा इसके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने संस्थान में रह रहे बच्चों को गोद दिए जाने की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को दत्तक ग्रहण से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बाल विवाह उन्मूलन की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने बाल विवाह उन्मूलन टास्क फोर्स की बैठक शीघ्र आयोजित करने हेतु आवश्यक फाइल बढ़ाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रभावी उन्मूलन के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया| बैठक में डीडीसी श्वेता भारती, एडीसीपी-सह-एडीएसएस लाल कृष्ण राय, सहायक निदेशक बुनियाद केंद्र-सह-जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग जया, एलपीओ ओम प्रकाश पाण्डेय, सीपीओ गोविन्द राम, सीडब्लूसी अध्यक्ष कृति, सुनीता कुमारी, आईसीडीएस प्रतिनिधि रूपम कुमारी, डीपीएम इजाजूल अंसारी, केंद्र प्रशासक शबनम कुमारी, जेजेबी सामाजिक कार्यकर्ता सुबोध राउत, यूनिसेफ एवं प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, अदिथी संस्था के परियोजना प्रबंधक रोहित कुमार एवं मनीष कुमार, केटीजीवीएस के प्रतिनिधि मंतोष कुमार, श्रम विभाग के प्रतिनिधि, बाल गृह अधीक्षक एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के समन्वयक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी बीडीओ भी जुड़े रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button