वाहन जांच के दौरान अवैध हथियार एवं कारतूस के साथ 01 अभियुक्त गिरफ्तार, 01 देशी कट्टा, 01 जिंदा कारतूस एवं 01 मोटसाईकिल बरामद

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०६ जून
सक्रिय पुलिसिंग के तहत मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक अपराधी को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी कांटी रेलवे गुमटी के पास हुई है। अभियुक्त की पहचान कांटी थाना क्षेत्र निवासी नूर मोहम्मद उर्फ दसई के रूप में हुई है। अपराधी के पास से 01 देसी कट्टा, 01 जिंदा कारतूस और 01 मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस संबंध में कांटी थाने में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पश्चिमी-01 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। कांटी थाना पुलिस को इस अपराधी के मूवमेंट को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। कांटी रेलवे गुमटी के पास जब पुलिस ने इसे सघन चेकिंग के दौरान रुकने का इशारा किया, तो इसने मोटरसाइकिल घुमाकर भागने की कोशिश की। मुस्तैद पुलिस जवानों ने तुरंत त्वरित एक्शन लेते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और इसे दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और कांटी थाने में उस पर पहले से भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अभियुक्त के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड्स को खंगाल रही है और आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस संबंध में कांटी थाने में कांड संख्या 345/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अभियुक्त के पास से हथियार बरामद होने के कारण उस पर आर्म्स एक्ट (Arms Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला चलाया जा रहा है। डीएसपी पश्चिमी ने स्पष्ट किया कि नूर मोहम्मद उर्फ दसई का पुराना और गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड है. यह अपराधी पहले भी अवैध हथियारों के साथ पकड़ा जा चुका है। इसके खिलाफ कांटी थाने में ही कांड संख्या 508/24, धारा-25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज है। पूर्व में क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल और अन्य सामग्रियां चोरी करने के आरोपों में भी इस पर मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस फिलहाल इसके पूरे सिंडिकेट और नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हथियार कहाँ से लाया था और इसका उपयोग किस वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था।




