लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने छठ घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण, घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने के दिए कड़े निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, शिवहर, बिहार, १० नवम्बर
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर जिलाधिकारी (डीएम) प्रतिभा रानी (IAS) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) मो. मोहिबुल्लाह अंसारी (IPS) ने तरियानी प्रखंड के प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने चार प्रमुख घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए हैं। डीएम ने छठ घाटों और उनके पहुंच पथ (रास्तों) से कीचड़, गंदगी और झाड़ियों को हटाकर रास्तों को सुगम और समतल बनाने को कहा है। महिला व्रतियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग रूम (कपड़ा बदलने का घर) और पीने के साफ पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। शाम और सुबह के अर्घ्य के दौरान घाटों पर अंधेरा न रहे, इसके लिए लाइटिंग, हाईमास्ट लाइटों और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का आदेश दिया गया। नदी या तालाबों की गहराई को देखते हुए खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग करने और लाल कपड़े/झंडे लगाने के निर्देश दिए ताकि कोई गहरे पानी में न जाए। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मुस्तैद रखने की बात कही गई। एसपी ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट रहने तथा घाटों पर लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) करने के निर्देश जारी किए। डीएम और एसपी नें बताया की प्रशासन का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल प्रदान करना है, जिससे यह महापर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।





