जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर छठ महापर्व की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को पूर्णतः दुर्घटना-रहित तथा सभी प्रशासनिक सुविधा-युक्त व्यवस्था सुदृढ़ एवं त्रुटिहीन तैयारी के दिए निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १० नवम्बर
जिलाधिकारी ने मोतीपुर प्रखंड अंतर्गत बस स्टैंड घाट वार्ड नंबर 4, जुनैदा पोखर वार्ड नंबर 9 सहित अन्य स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर पूर्णतः दुर्घटना-रहित एवं छठव्रतियों तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रशासनिक सुविधा-युक्त व्यवस्था के सरकार के लक्ष्य के अनुरूप तीव्र गति से सुदृढ़ एवं त्रुटिहीन तैयारी करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप घाटों की सम्पूर्ण तैयारी करें। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, विद्युत, भवन निर्माण, पथ निर्माण, अग्निशमन सहित सभी संबंधित विभागों के जिला में पदस्थापित पदाधिकारियों को तत्परता एवं कुशलतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को नियमित तौर पर घाटों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी , अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्षों को भी घाटों का संयुक्त निरीक्षण कर मानक के अनुसार आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को स्थानीय निवासियों से भी सुझाव लेने के लिए निर्देशित किया गया है ताकि तैयारी में किसी भी तरह की कमी न रहे। विदित हो कि इस वर्ष छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। 13 नवंबर को नहाय-खाय से पर्व का अनुष्ठान होगा। 14 नवंबर को खरना; 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य एवं 16 नवंबर को प्रातः अर्घ्य का आयोजन होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मोतीपुर सहित सम्पूर्ण जिला में छठ महापर्व की तैयारियाँ तेजी से चल रही है। छठ का त्योहार लोक आस्था का महापर्व है। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की आकांक्षा के अनुसार सभी प्रशासनिक प्रबन्ध किया जा रहा है। वरीय अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है। ज़िलाधिकारी ने कहा है कि वे भी वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ घाटों एवं क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा तैयारियों का अनुश्रवण कर रहे हैं। सायंकाल में भी निरीक्षण कर प्रकाश आदि की व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस महापर्व के अवसर पर बाहर रहने वाले बिहार के निवासी भी बड़ी संख्या में अपने घर आते हैं। श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को हर प्रशासनिक सुविधा सुनिश्चित कराना जिला प्रशासन का दायित्व है। श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुरक्षा तथा सुविधा के लिए सभी पदाधिकारी प्रभावी कॉम्युनिकेशन प्लान के साथ मुस्तैद रहेंगे। छठ महापर्व के अवसर पर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात-प्रबंधन के लिए सभी पदाधिकारी सजग, सक्रिय एवं तत्पर रहेंगे। ज़िलाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत भी छठ घाटों की सीढ़ियों का रंग-रोगन सहित घाटों को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाने तथा छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर एवं व्यवस्थित सुविधाएँ सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में प्रखंड विकास पदाधिकारी तैयारियों का पर्यवेक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ के अवसर पर पोखर, बड़े तालाबों आदि के पास काफी संख्या में श्रद्धालु एवं छठव्रती इकट्ठा होते हैं। इस अवसर पर छठ पूजा स्थलों पर विशेष प्रशासनिक सतर्कता बरती जाएगी। विदित हो कि ज़िलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को पूर्व की बैठकों में छठ महापर्व के अवसर पर सम्यक तैयारी हेतु घाटों का निरीक्षण, खतरनाक घाटों की पहचान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। छठ घाटों की तैयारी, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, घाटों पर आवश्यकता के अनुसार नियंत्रण कक्ष एवं वाच टावर की स्थापना, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन, शौचालय, चापाकल एवं यूरिनल की व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण सहित विभिन्न बिन्दुओं पर आवश्यक निदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार के आदेशानुसार दिनांक 10.11.2026 से 16.11.2026 तक सघन ‘छठ जन-जागरूकता अभियान’ चलाया जा रहा है। सभी प्रमुख सरकारी कार्यालय परिसरों तथा सार्वजनिक स्थलों पर छठ पर्व से संबंधित सूचनात्मक जिंगल्स नियमित रूप से प्रसारित होंगे। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सभी रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छठ विषयक पोस्टर प्रदर्शित किए जा रहे हैं और गीत बजाए जा रहे हैं। पंचायत सरकार भवनों में छठ पर्व से संबंधित पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं। जिला के प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर बिहार आने वाले हर नागरिक को एक सुखद और भक्तिमय वातावरण की अनुभूति होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान लोग देर रात तक आवागमन करते हैं। अतः पदाधिकारीगण उनकी सुरक्षा एवं सुविधा का ख़्याल रखें। नियमित गश्ती के साथ ही लोगों से सतत संपर्क एवं संवाद स्थापित करें। ज़िलाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंताओं, नगर निकायों के अधिकारियों तथा एनएचएआई के परियोजना निदेशकों को निदेश दिया है कि सभी सड़कों को मोटरेबुल, सुचारु एवं सुगम रखना सुनिश्चित करें। यदि कहीं मरम्मती की आवश्यकता हो तो समय से इसे पूरा करें। ज़िलाधिकारी ने पदाधिकारियों को जिला में अवस्थित रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड सहित भीड़-भाड़ वाले सभी स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रेलवे लाईन के इलाके में आनेवाले पोखर/तालाबों के स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर समुचित व्यवस्था की जाय। रेलवे स्टेशन के नजदीक के छठ घाटों एवं रेलवे लाईन के निकट के स्थलों के साथ अन्य चिन्हित किए गये स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, स्थानीय चौकीदार की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाय। छठ के अवसर पर यात्रियों की भीड़ के दबाव वाले क्षेत्रों में सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश एवं निकास को सुचारू तथा अवरोध-मुक्त रखने के साथ ही यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने का निर्देश दिया गया। रेलवे स्टेशन के बाहर ट्रैफिक मैनेजमेंट एवं ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट को सुदृढ़ करने हेतु सभी रेलवे स्टेशन से अतिरिक्त परिवहन सुविधा एवं पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। ज़िलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक तैयारियों का अनुश्रवण करने हेतु जिला स्तर पर त्रि-सदस्यीय छठ पर्व कोषांग क्रियाशील है। उप विकास आयुक्त इस कोषांग के वरीय नोडल पदाधिकारी तथा अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन एवं अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था इसके नोडल पदाधिकारी हैं। यह कोषांग छठ पर्व के अवसर पर छठव्रतियों की सुविधा हेतु घाटों/पहंुच पथों पर किए जाने वाले आवश्यक तैयारियों से सम्बद्ध विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए अपेक्षित कार्यों को ससमय सम्पन्न कराएगा। ज़िलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करने के के लिए विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों सहित सभी स्टेकहोल्डर को टीम भावना एवं आपस में समन्वय स्थापित कर काम करना होगा। ज़िलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सिविल डिफेंस के कर्मी भी समुचित ड्रेस में मुस्तैद रहेंगे। ज़िलाधिकारी ने कहा कि घाटों पर बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध रहेगी। जरूरत के अनुसार शौचालय, यूरिनल, स्वच्छ पेयजल की सुविधा, चेंजिंग रूम, शेड, वाहन पार्किंग की सुविधा इत्यादि रहेगी। सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से घाटों पर डबल बैरिकेडिंग की जाएगी। घाटों पर जाने के लिए सम्पर्क पथ की अच्छी स्थिति सुनिश्चित की जाएगी। वाच टावर, नियंत्रण कक्ष, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन किया जाएगा। ज़िलाधिकारी ने कहा कि घाटों पर सफाई की उतम सुविधा रहेगी। घाटवार सफाईकर्मियों की टीम की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य के बाद घाटों पर तेजी से साफ़-सफाई तथा फॉगिंग कराने का निर्देश दिया गया है। घाटों एवं संपर्क पथ पर उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पार्किंग स्थल पर बैरिकेडिंग/ड्रॉप गेट की व्यवस्था रहेगी। विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को घाटों के आस-पास एवं सम्पर्क पथ में अवस्थित विद्युत तारों को व्यवस्थित करने का निदेश दिया गया है। ज़िलाधिकारी ने कहा कि जिला में सीसीटीवी कैमरों सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैमरों, वीडियो कैमरा एवं ड्रोन से सभी गतिविधियों पर नज़र रखी जाएगी। क्षेत्रीय अधिकारियों को आवश्यकतानुसार अस्थायी सीसीटीवी कैमरा भी स्थापित करने के लिए निर्देशित किया गया है।उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से भीड़ पर निगरानी रखी जाएगी तथा अचूक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। ज़िलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर साईनेज लगा रहेगा। विद्युत विभाग द्वारा घाटों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी। सिविल सर्जन द्वारा पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, पारा मेडिकल स्टाफ तथा चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। आपदा प्रबंधन कोषांग द्वारा एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।





