कचरा डंपिंग स्थल का जिलाधिकारी (डीएम) ने किया औचक निरीक्षण, कचरा प्रसंस्करण और बायोरेमेडिएशन कार्य की धीमी प्रगति पर जताई गहरी नाराजगी, कार्य में तेजी लाने का दिया कड़ा निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०९ नवम्बर
मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन प्रखंड अंतर्गत रौतनिया कचरा डंपिंग स्थल का जिलाधिकारी (डीएम) कुमार गौरव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कचरा प्रसंस्करण और बायोरेमेडिएशन कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को इस कार्य में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को फटकार लगाते हुए बायोरेमेडिएशन (Bioremediation) कार्य में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया, ताकि शहर के कचरे का निपटारा समय पर और सही तरीके से किया जा सके। नगर निगम के कचरा डंपिंग स्थल पर कचरे के प्रबंधन एवं प्रसंस्करण को लेकर जिला पदाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक अजीत कुमार से संवाद स्थापित कर उनका सुझाव लिया तथा नगर निगम के अधिकारियों को आम जनता की आवश्यकता एवं आकांक्षा के अनुरूप तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर नगर आयुक्त एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों की मौजूदगी में स्थल पर संचालित कार्यों की प्रगति, कचरा निष्पादन की व्यवस्था तथा स्थानीय लोगों को हो रही समस्याओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी आम जनता से भी बात कर उनकी समस्याओं से रू-ब-रू हुए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य रौतनिया कचरा डंपिंग स्थल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन कराना तथा आसपास के क्षेत्र के निवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पाया कि कचरा प्रबंधन एवं बायोरेमेडिएशन के कार्यों की प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो रही है। कार्य की धीमी रफ्तार तथा आसपास के स्थानीय क्षेत्रों में उत्पन्न समस्याओं को गंभीरता से लिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि रौतनिया कचरा डंपिंग स्थल से जुड़ा मामला जनहित एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा से सीधे तौर पर संबंधित है। इसलिए कार्य में तेजी लाना तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर बायोरेमेडिएशन कार्य को पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निगरानी अब उनके द्वारा व्यक्तिगत रूप से की जाएगी। इसके साथ ही नगर निगम एवं संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य की स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाएगी, ताकि कार्य को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके। नगर आयुक्त को एमआरएफ एजेंसी के कार्यों का नियमित अनुश्रवण करने का निदेश दिया गया ताकि निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार एजेंसी कार्य करे। जिलाधिकारी ने कहा कि इस मामले पर ही कल एक उच्च-स्तरीय बैठक है। इसमें कचरा निष्पादन की व्यवस्था दुरुस्त करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी एक ट्रॉमल मशीन से कार्य चल रहा है जो पर्याप्त नहीं है। एक अतिरिक्त ट्रॉमल मशीन लाने की कार्रवाई की जा रही है। जिला पदाधिकारी ने यह भी बताया कि इस मामले के शीघ्र स्थायी समाधान हेतु आज ही नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव से बातचीत की जाएगी। उनका मार्गदर्शन एवं आवश्यक विभागीय सहयोग प्राप्त कर बायोरेमेडिएशन के कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। साथ ही रौतनिया में कचरा प्रबंधन की आगे की कार्ययोजना को भी प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित के कार्यों में शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर निगम के पदाधिकारियों को कार्य की गति बढ़ाने, नियमित अनुश्रवण करने तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अंचल अधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वे नियमित तौर पर स्थल निरीक्षण कर कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे तथा डे-टू-डे समस्याओं का निराकरण करेंगे। नगर निगम के पदाधिकारियों को गाँव की ओर जाने वाले सड़क के बारे में भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।





