जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित विशेष बिजली बिल सुधार शिविर का किया निरीक्षण

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १९ अगस्त
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भगवानपुर स्थित विद्युत कार्यालय में आयोजित विशेष बिजली बिल सुधार शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में आए बिजली उपभोक्ताओं की बिल संबंधी शिकायतों को मौके पर सुनकर उनका त्वरित निष्पादन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ काम करने और तय समय सीमा में सभी शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए। काउंटर पर चल रही आवेदन प्रक्रिया और पंजीयन कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी नें बताया की विशेष बिजली बिल सुधार शिविर के तहत गलत और बढ़े हुए बिलों में भारी सुधार करके आमजन को मौके पर राहत दी जा रही है, जहाँ कई मामलों में ₹35,000 तक का त्रुटिपूर्ण या अत्यधिक बिजली बिल घटकर मात्र ₹15,000 तक रह गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विद्युत पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी पात्र आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर देते हुए शिविर की प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इस विशेष अभियान का लाभ दिलाने को कहा। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके बिजली बिल में किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या है, तो वे 22 अगस्त तक आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर अपने बिजली बिल की जांच एवं आवश्यक सुधार अवश्य करवाएं। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO) लोकेश कुमार झा नें बताया की यह विशेष विद्युत विपत्र सुधार शिविर 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक सभी विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों और अवर प्रमंडलों में आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में गलत मीटर रीडिंग, औसत बिल (Average Billing), अधिक राशि, और बकाया गड़बड़ियों जैसी शिकायतों का मौके (ऑन-स्पॉट) पर ही निबटारा किया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली कार्यालयों के चक्कर काटने से राहत मिल रही है और सही रीडिंग या त्रुटि सुधार के बाद संशोधित राशि जमा करने की सुविधा मिल रही है।





