प्रस्तावित बिहार राज्य उच्च शिक्षा/विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध में 10 अगस्त को राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी रहेंगे सामूहिक अवकाश पर

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०९ अगस्त
प्रस्तावित बिहार राज्य उच्च शिक्षा/विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के विरोध मे 10 अगस्त 2026 को राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगें। इस दौरान बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय समेत अन्य विश्वविद्यालय मुख्यालयों पर कर्मी एकजुट होकर रोषपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगें। राज्य के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के अन्तर्संम्बन्ध व स्वायत्तता खात्में सम्बन्धी प्रस्तावित ‘विश्वविद्यालय अधिनियम-2026’ के विरोध में बिहार राज्य विश्वविद्यालय व महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के चरणबद्ध संघर्षात्मक व आन्दोलनात्मक कार्यक्रम के आह्वान के पहले चरण के घोषित कार्यक्रम को विश्वविद्यालय व महाविद्यालय शिक्षक-कर्मचारी एकजुट हो सफलता से संचालित करने के लिए राज्य संघर्ष मोर्चा के संयोजक प्रो.संजय कुमार सिंह व सदस्य राघवेन्द्र कुमार सिंह तथा बी.आर.ए.बिहार विश्वविद्यालय शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के संयोजक सदस्य डॉ.सुनील कुमार सिंह, प्रो.ललन कुमार झा, राम कुमार व राजीव कुमार तथा बुस्टा कार्यकारी अध्यक्ष प्रो.जयकांत सिंह एवं अतिथि प्राध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ.ललित किशोर आदि ने राज्य के सभी शिक्षकों-शिक्षकेत्तर कर्मियों सहित बी.आर.ए.बिहार विश्वविद्यालय के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मियों को विशेष आभार व साधुवाद प्रकट किया हैं। वही संघर्षात्मक कार्यक्रम के दूसरे चरण में राज्य के सभी विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों सहित बी.आर.ए.बिहार विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय कार्यालय व सभी विश्वविद्यालय विभागों एवं सभी महाविद्यालयों के सभी शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी 10.08.2026 (सोमवार) को सामूहिक अवकाश पर रहकर अपने-अपने विश्वविद्यालय मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के सभी अग्रणी नेताओं ने सभी शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मियों से अपील की है कि वे बड़ी से बड़ी संख्या में पहुँचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करें और प्रस्तावित विश्वविद्यालय विधेयक-2026 के विरोध में विश्वविद्यालय मुख्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन के कार्यक्रम को पूर्णरूपेण सफल बनावें।




