शिवहर पुलिस ने ट्रैक्टर खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी और गबन करने वाले एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार

ध्रुव कुमार सिंह, शिवहर, बिहार, ०७ नवम्बर
शिवहर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर खरीद-बिक्री के नाम पर ₹3,75,000/- की धोखाधड़ी और गबन करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई धोखाधड़ी के मामलों पर लगाम लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। ट्रैक्टर की खरीद-बिक्री का झांसा देकर पीड़ित से पैसे ठगे गए। कुल ₹3,75,000/- (तीन लाख पचहत्तर हजार रुपये) की धोखाधड़ी की गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवहर पुलिस ने जाल बिछाकर 01 मुख्य अभियुक्त को दबोच लिया। पुलिस अधीक्षकमो. मोहिबुल्लाह अंसारी नें बताया की शिवहर थाना कांड संख्या-116/26 के तहत ट्रैक्टर खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी कर राशि गबन से संबंधित मामले में शिवहर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए कांड के नामजद अभियुक्त सुजित कुमार, पिता- अविनाश चन्द्र ठाकुर, शिवलोकपुरी थाना- छतौनी जिला- पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) को गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त आवेदन के अनुसार, अभियुक्त द्वारा परिवादी को ट्रैक्टर उपलब्ध कराने एवं उससे संबंधित वैध कागजात सौंपने का आश्वासन देकर कुल ₹3,75,000/- की राशि प्राप्त की गई थी। तथापि, आश्वासन के बावजूद ट्रैक्टर के वैध कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए। इस संबंध में शिवहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। उक्त अभियुक्त की गिरफ्तारी (STF), जिला आसूचना इकाई (DIU) एवं थानाध्यक्ष, शिवहर थाना की संयुक्त कार्रवाई के फलस्वरूप की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 1880 रूपया नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. शिवहर पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।




