साइबर अपराध और ऑनलाइन यौन शोषण के विरुद्ध विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, २२ सितम्बर
साइबर थाना वैशाली एवं स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में साइबर अपराध और ऑनलाइन यौन शोषण के विरुद्ध एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद शिक्षण संस्थान स्कूल में किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं और युवाओं को डिजिटल दुनिया के खतरों से बचाना और उन्हें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन साइबर सेल की पुलिस उपाधीक्षक (DySP) चांदनी सुमन द्वारा किया गया। इस अवसर उनके द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि कैसे वे ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक और सोशल मीडिया हैकिंग का शिकार होने से बच सकते हैं। इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर होने वाले यौन उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और साइबर बुलिंग जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति बच्चों को सतर्क किया गया। साइबर पुलिस टीम द्वारा इस बात की जानकारी दी गई कि किसी भी अप्रिय घटना या साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या स्थानीय साइबर थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। अपने सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन अकाउंट्स के लिए हमेशा मजबूत और अलग पासवर्ड रखें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और न ही उनसे अपनी निजी तस्वीरें या जानकारी साझा करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे फोन नंबर, घर का पता और बैंक विवरण किसी भी असुरक्षित या अनजान प्लेटफॉर्म पर न डालें। इस अवसर पर स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सचिव सह Just Rights for Children के डायरेक्टर सुधीर कुमार शुक्ला द्वारा साइबर सुरक्षा एवं बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।





