बिहारराज्यलोकल न्यूज़

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों के सम्मान में जिला स्तरीय समारोह आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ३० जुलाई

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, सीतामढ़ी द्वारा डुमरा स्थित इंडोर स्टेडियम (कॉन्फ्रेंस हॉल) में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रिची पाण्डेय थे। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, गणमान्य नागरिकों, छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध के अमर शहीद मेजर द्विवेदी को पुष्पांजलि अर्पित कर एवं उनकी पावन स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया गया। स्वागत भाषण देते हुए जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) यू. के. त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी युद्ध में विजय केवल सैनिकों के अदम्य साहस से ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की एकजुटता, दृढ़ संकल्प, त्याग और नागरिकों के सहयोग से संभव होती है। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सैनिकों के शौर्य के साथ-साथ देशवासियों की अटूट राष्ट्रभक्ति का भी प्रतीक है। अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने भारतीय सशस्त्र सेनाओं की वीरता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व सैनिक समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों से समाज में “सोशल एम्बेसडर” की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए युवाओं के बीच राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक सद्भाव एवं जनजागरूकता का संदेश प्रसारित करने की अपील की। समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वर्णिम कला केंद्र, मुजफ्फरपुर के कलाकारों एवं बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर सहयोगी संस्थाओं, प्रायोजकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, प्रतिभागी बच्चों तथा मीडिया प्रतिनिधियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में केडीएम हॉस्पिटल एवं पूर्व सैनिक सेवा संघ के सहयोग की भी विशेष सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button