जिला पदाधिकारी और सिविल सर्जन ने संयुक्त रूप से मॉडल अस्पताल में ‘मिशन परिवार विकास’ के तहत “जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा” का किया शुभारंभ

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १५ सितम्बर
जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया और सिविल सर्जन डॉ.आर.के. यादव ने संयुक्त रूप से मॉडल अस्पताल में ‘मिशन परिवार विकास’ के तहत “जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी नें कहा की इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच परिवार नियोजन (Family Planning) को लेकर जागरूकता फैलाना है। योग्य दंपतियों को उनकी आवश्यकता और पसंद के अनुसार सही और सुरक्षित परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराना इसका मुख्य लक्ष्य है। इसके माध्यम से जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाने और जनसंख्या को नियंत्रित कर स्थिरीकरण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि जिले का वर्तमान कुल प्रजनन दर (Total Fertility Rate) 2.9 है, जिसे घटाकर 2.0 के स्तर तक लाने की आवश्यकता है। इसके लिए समुदाय में परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की उपलब्धता, उपयोगिता और प्रभावशीलता के संबंध में व्यापक जागरूकता पैदा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन के स्थायी साधनों, जैसे पुरुष नसबंदी एवं महिला बंध्याकरण, के साथ-साथ अस्थायी साधनों—अंतरा, छाया, माला-N, कंडोम आदि—के बारे में भी योग्य दंपतियों को सही जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त साधन का चयन कर सकें। इस अवसर पर जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ.मनोज कुमार, अस्पताल प्रबंधक विजय झा, पीरामल फाउंडेशन से प्रभाकर कुमार, अकरम खान, बिकेश कुमार, PSI India से विनय कुमार सहित मॉडल अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।





