बिहारराज्यलोकल न्यूज़

प्रमंडलीय आयुक्त एवं डीआईजी ने केथरिया गांव पहुंचकर शोकाकुल परिवार से की मुलाकात, हत्याकांड की गंभीरता से जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का दिया भरोसा

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, १४ सितम्बर

सीतामढ़ी जिले के केथरिया गांव में जिला परिषद सदस्य के पति बैद्यनाथ महतो की बेरहमी से की गई हत्या के बाद प्रशासनिक अमला बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है. इस वीभत्स हत्याकांड के बाद प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह और डीआईजी (DIG) सत्यनारायण कुमार ने केथरिया गांव का दौरा किया। उन्होंने मृतक के शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और पूरी घटना की गंभीरता से जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई का कड़ा भरोसा दिलाया। प्रमंडलीय आयुक्त और डीआईजी के साथ सुरक्षा और जांच की समीक्षा करने के लिए सीतामढ़ी के जिलाधिकारी (DM) तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रंजन भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने मृतक की पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों से बात की और उन्हें प्रशासन की तरफ से हरसंभव कानूनी सहयोग एवं पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया। गौरतलब है की शनिवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने केथरिया गांव में बेहद दुस्साहसिक तरीके से बैद्यनाथ महतो को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस प्रशासन इस मामले में लगातार छापेमारी कर रहा है और घटना में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए हर संभावित पहलुओं पर बारीकी से तफ्तीश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button