विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं, सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें- डीएम

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ३० जुलाई
जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने मुजफ्फरपुर जिले के सकरा एवं मुरौल प्रखंड का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं सरकार की विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उप-विकास आयुक्त निशांत सिहारा एवं परीक्ष्यमान IAS सौरभ सिन्हा भी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रतिदिन बायोमैट्रिक प्रणाली के माध्यम से समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को प्रत्येक सप्ताह योजनाओं की नियमित समीक्षा कर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगने तथा वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए उनका वेतन बंद करने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में डब्ल्यूपीयू (WPU) के कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सभी गैर-कार्यशील डब्ल्यूपीएल/ डब्ल्यूपीयू इकाइयों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्यशील बनाने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त 15वें वित्त आयोग, सातवें राज्य वित्त आयोग, सोलर लाइट, परिमार्जन प्लस, दाखिल-खारिज सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने सभी खराब पड़े ई-रिक्शा कचरा वाहन एवं पैडल रिक्शा कचरा वाहनों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा यूजर चार्ज संग्रह में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।





