मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक लंगट सिंह (एलएस) कॉलेज का 127वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार ०३ जुलाई
मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक लंगट सिंह (एलएस) कॉलेज का 127वां स्थापना दिवस समारोह अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के कुलपति प्रो.दिनेश चंद्र राय ने कॉलेज के संस्थापक और महान दानवीर बाबू लंगट सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से इस प्रतिष्ठित संस्थान की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने और उत्कृष्टता के नए आयाम हासिल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। यह समारोह कॉलेज के आचार्य जे.बी. कृपलानी सभागार में “बिहार में शैक्षणिक और सामाजिक विकास को गति प्रदान करने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भूमिका” विषय पर आयोजित संगोष्ठी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा निदेशक प्रो.एन.के. अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर कॉलेज की समृद्ध शैक्षणिक और सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। समारोह के दौरान “बिहार में शैक्षणिक और सामाजिक विकास को गति देने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भूमिका” विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन आचार्य जे.बी. कृपलानी सभागार में किया गया। कुलपति प्रो. राय ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि NEP 2020 केवल एक शैक्षणिक सुधार नहीं है, बल्कि यह औपनिवेशिक मानसिकता से दूर जाने और पारंपरिक भारतीय ज्ञान प्रणालियों को पुनर्जीवित करने का एक बड़ा कदम है। उन्होंने कॉलेज को उच्च स्तरीय अनुसंधान, पेटेंट और नवाचार का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा विभाग (उच्च शिक्षा) के निदेशक प्रो.एन.के अग्रवाल ने बदलते समय में नवाचार और कौशल-आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। कॉलेज की प्राचार्य प्रो.कनुप्रिया ने कहा कि यह 127 साल का सफर केवल इतिहास नहीं, बल्कि नई शैक्षणिक उपलब्धियों की ओर बढ़ने का एक मजबूत संकल्प है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा, आर.पी.एस कॉलेज, जैतपुर की प्राचार्या प्रो.अमिता शर्मा, उप-कुलसचिव डॉ.अमर बहादुर शुक्ला, पूर्व सीसीडीसी प्रो.टीके डे, आर.डी.एस कॉलेज की पूर्व प्राचार्या डॉ.अनिता सिंह, डॉ.शर्तेंदु शेखर, डॉ.ऋतुराज कुमार, डॉ.दीपक कुमार, डॉ.प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षाविद, पूर्ववर्ती छात्र और विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह में मंच संचालन डॉ शशिकांत पाण्डेय तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ.राधा कुमारी ने किया।






