जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने प्रेसवार्ता के दौरान सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं, जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं और विकासात्मक पहलों का प्रस्तुत किया विस्तृत खाका

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १४ मई
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने प्रेस क्लब भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। प्रेसवार्ता में उन्होंने “सहयोग शिविर”, “फार्मर रजिस्ट्री अभियान” तथा “जनगणना 2027” से संबंधित तैयारियों, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी “सात निश्चय-3” योजना के अंतर्गत सबका सम्मान जीवन आसान के तहत “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर में आवेदन देने की व्यवस्था शिविर तिथि से 30 दिन पूर्व तक की गई है ताकि प्राप्त आवेदनों का समय पर निष्पादन किया जा सके। शिविर के दिन संबंधित आवेदकों को उनकी शिकायतों एवं समस्याओं के निष्पादन की जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए “सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100” जारी किया गया है, जो पूर्णतः निःशुल्क है। इसके अलावा “सहयोग पोर्टल” sahyog.bihar.gov.in भी शुरू किया गया है, जहां लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर की तैयारी को लेकर 48 विभागों के 73 अधिकारियों को यूजर आईडी उपलब्ध कराई गई है। शिविरों की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में “सहयोग सेल” का गठन किया गया है। साथ ही विभागवार नोडल पदाधिकारी भी नामित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक कुल 2972 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इन आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि जिले की सभी 373 पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिविर आयोजन की तिथियों की जानकारी देते हुए बताया कि 19 मई, 2 जून, 16 जून और 30 जून को 23-23 पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। इसके बाद 7 जुलाई, 21 जुलाई, 11 अगस्त और 8 सितंबर को 47-47 पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं अंतिम चरण में 22 सितंबर को 46 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से शिविरों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। प्रेसवार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिकाधिक किसानों का निबंधन कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। इसके तहत किसानों को उर्वरक वितरण, धान अधिप्राप्ति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कुल 2 लाख 74 हजार 321 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री के तहत निबंधन किया जा चुका है। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों की संख्या 1 लाख 41 हजार 185 है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि जिले का कोई भी पात्र किसान रजिस्ट्री से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुक किसानों की कुल संख्या 4 लाख 16 हजार 805 है। वहीं अब तक 4 लाख 55 हजार 975 किसानों का ई-केवाईसी पूरा किया जा चुका है। पीएम किसान योजना से जुड़े 2 लाख 93 हजार 899 किसानों का ई-केवाईसी कार्य भी पूर्ण हो चुका है। उन्होंने जिले के किसानों से निबंधन कराने कराने की अपील की ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। जिलाधिकारी ने प्रेसवार्ता में जनगणना 2027 की प्रगति की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना की स्वगणना प्रक्रिया 17 अप्रैल से 1 मई तक संचालित की गई थी, जिसमें 1 लाख 9 हजार 797 परिवारों ने स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी गणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने बताया कि मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया एवं संबंधित सर्वेक्षण कार्य 2 मई से 31 मई 2026 तक चलाया जा रहा है। जनगणना प्रपत्र में कुल 34 प्रश्न शामिल किए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 9151 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक हैं। इनमें से 9015 एचएलबी में कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में कुल 6 लाख 80 हजार 493 परिवारों को कवर किया गया है। वहीं कुल 32 लाख 25 हजार 610 आबादी की गणना की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला जनगणना कोषांग का गठन स्थानीय संयुक्त भवन में किया गया है, जहां जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को प्रभारी बनाया गया है। यह कोषांग जनगणना से संबंधित समस्त कार्यों के समन्वय एवं अनुश्रवण का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए इसमें पूरी पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मियों को लगातार प्रशिक्षण भी दिया गया है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित अभियान में सक्रिय सहभागी बनें, सहयोग करें तथा सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।




