बिहारराज्यलोकल न्यूज़

डीएम की अध्यक्षता में आहूत आईसीडीएस (ICDS) की समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और विभिन्न सरकारी योजनाओं की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १८ नवम्बर

मुजफ्फरपुर समाहरणालय में जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में आईसीडीएस (ICDS) की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) कंचन कुमारी गिरि सहित जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) उपस्थित रहे। इस बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और विभिन्न सरकारी योजनाओं की धीमी प्रगति पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिले के 781 आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन, 139 केंद्रों में पेयजल और 205 केंद्रों में क्रियाशील शौचालय की सुविधा नहीं है। जिलाधिकारी ने एक महीने के भीतर इन सभी केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जिले की 17 बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत संचालित 5,617 आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा के दौरान कई योजनाओं की स्थिति कमजोर पाई गई। डीएम ने अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण में तेजी लाने और पात्र लाभुकों का एफआरएस (FRS) व आभा (ABHA) आईडी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा है। आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण के लिए भूमि का एनओसी (NOC) शीघ्र देने और निर्माणाधीन भवनों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान आंगनबाड़ी सेविका से महिला पर्यवेक्षिका के पद पर नियोजित 40 अभ्यर्थियों को डीएम द्वारा नियोजन पत्र सौंपे गए। आईसीडीएस योजनाओं और अभियान बसेरा में लापरवाही बरतने पर कटरा के अंचल अधिकारी (CO) से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनका वेतन स्थगित कर दिया गया है। अक्टूबर माह में किए गए 4,955 केंद्रों के निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के आधार पर 502 सेविकाओं और 324 सहायिकाओं को चेतावनी दी गई है। इसके अतिरिक्त 143 सेविकाओं और 81 सहायिकाओं के मानदेय में कटौती की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button