अवैध रूप से संचालित हो रहे ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा लॉटरी गिरोह का हुआ भंडाफोड़, 12 अभियुक्त गिरफ्तार

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०४ सितम्बर
मुजफ्फरपुर पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में अवैध रूप से संचालित हो रहे ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा लॉटरी गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया है। नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO 2) विनीता सिन्हा के नेतृत्व में की गई इस त्वरित छापेमारी में कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान सट्टेबाजी के अड्डे से ₹12,110 नगद, 12 स्मार्टफोन (जिससे ऑनलाइन गेमिंग ऐप संचालित था), 12 पर्ची काटने वाली नई लॉग बुक और 3 पहले से कटी हुई पर्चियों वाली लॉग बुक और 02 कैलकुलेटर जब्त किया है. नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO 2) नें बताया की वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अवैध रूप सट्टा/ जुआ/ ऑनलाइन लॉटरी गेमिंग खेलने एवं उसके संचालन में संलिप्त अभियुक्तों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रहीं है। इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए थानान्तर्गत भगवानपुर में अवैध रूप से ऑनलाइन गेंमिग लॉटरी खेल रहे एवं संचालन में संलिप्त कुल-12 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इन सभी के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि इस ऑनलाइन लॉटरी रैकेट के तार अन्य किन-किन अंतर्राज्यीय या राज्य स्तरीय गिरोहों से जुड़े हैं। इस अवैध नेटवर्क में शामिल गिरफ्तार आरोपी मुजफ्फरपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पड़ोसी जिलों के रहने वाले हैं. जिनमें दिवाकर आनंद, मिथुन कुमार, प्रकाश चन्द्र जैन, मनोज कुमार, संजीत पासवान, जितेन्द्र कुमार, राजेश कुमार (सभी सदर थाना), नीरज कुमार (साहेबगंज), मो.जलालुद्दीन (काजी मोहम्मदपुर), शशिभूषण (नगर थाना), चंद्रभूषण राउत (पारू) और मनोज कुमार सिंह (महुआ, वैशाली जिला) शामिल है.




