05 अगस्त तक राशन कार्ड निर्माण का निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करें : कुमार गौरव, जिलाधिकारी

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ३१ जुलाई
जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप-विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी/पश्चिमी सहित संबंधित प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जिले को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अब तक लगभग 85 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कर ली गई है। उन्होंने शेष लक्ष्य को 05 अगस्त 2026 तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब पूर्ण कराया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिलाधिकारी ने प्रखंड स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर तक सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए मिशन मोड में कार्य करें तथा लंबित एवं अपूर्ण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर नियमित अनुश्रवण एवं समन्वय के माध्यम से जिले को आवंटित निर्धारित लक्ष्य को 05 अगस्त 2026 तक शत-प्रतिशत पूरा किया जाए.





