जिला स्तरीय युवा उत्सव में लंगट सिंह महाविद्यालय (LS College) की नुक्कड़ नाटक टीम ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २९ अक्टूबर
जिला प्रशासन एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में मुजफ्फरपुर के RDS College परिसर में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में लंगट सिंह महाविद्यालय (LS College) की नुक्कड़ नाटक टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस युवा उत्सव का आयोजन आरडीएस कॉलेज में किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगे राज्य स्तरीय युवा उत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव में चित्रकला में पलक वर्मा, कविता लेखन में कंचन प्रिया, समूह लोकगीत में नीतीश्वर महाविद्यालय और समूह लोकनृत्य में किलकारी बिहार बाल भवन नें प्रथम स्थान प्राप्त किया. इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर लंगट सिंह महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनका मनोबल बढ़ाया। प्राचार्या ने कहा की नुक्कड़ नाटक टीम ‘एकम’ ने न केवल प्रथम स्थान हासिल कर कॉलेज का मान बढ़ाया है, बल्कि सामाजिक संदेश देने वाली कला के माध्यम से युवाओं की सृजनात्मक प्रतिभा को भी प्रदर्शित किया है। टीम ‘एकम’ के विद्यार्थियों ने लगन, अनुशासन और टीम भावना के साथ अभ्यास किया, जिसका परिणाम प्रथम स्थान के रूप में सामने आया। इस उपलब्धि ने कॉलेज की सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा को एक बार फिर रेखांकित किया है। सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. दीपिका कुमारी ने भी टीम के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा, “नुक्कड़ नाटक एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए युवा समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखते हैं। विजेता टीम के सदस्यों में स्मृति चौधरी, संजना कुमारी, मिदहत रहमान, पलक रंजन, नाहेदा परवीन, रजनीष कुमार, मोहम्मद अरशक़, रोहित कुमार, दिव्यांशु कुमार और अमन गुप्ता शामिल रहे। इसके अतिरिक्त कविता लेखन प्रतियोगिता में ऋषिकेश कुमार ने भी कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया। प्रो. टीके डे, प्रो.एसआर चतुर्वेदी, प्रो. पुष्पा कुमारी, डॉ.ऋतुराज कुमार डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ.राजेश अनुपम ने भी विजेता टीम को बधाई दी।





