रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय की मेजबानी में अंतर महाविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का हुआ सफल आयोजन

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २९ अक्टूबर
रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय की मेजबानी में स्थानीय सिकंदरपुर स्टेडियम में अंतर महाविद्यालय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की महिला टीमों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा गया। महाविद्यालय प्रबंधन और खेल अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्राओं के भीतर खेल भावना को बढ़ावा देना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के मंचों के लिए तैयार करना है। स्टेडियम में दर्शकों और खेल प्रेमियों ने तालियों के साथ महिला खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में आर.बी.बी. महिला महाविद्यालय के खेल विभाग और प्रबंधकीय टीम की मुख्य भूमिका रही। इस प्रतियोगिता में चार टीमों आरबीबीएम कॉलेज, एलएस कॉलेज, आरसी सकरा कॉलेज और तिरहुत कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मधु सिंह एवं जिला खेल अधिकारी राजेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में प्राचार्या डॉ. मधु सिंह ने कहा की वॉलीबॉल सिर्फ एक खेल नहीं है, यह हमें टीम वर्क (Teamwork), त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और विपरीत परिस्थितियों में भी एक-दूसरे का साथ देना सिखाता है। इस मैदान से सीखी गई ये बातें आपके जीवन में भी बेहद काम आएंगी। अपनी इस खेल ऊर्जा को हमेशा बनाए रखें और निरंतर अभ्यास करते रहें। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी राजेंद्र कुमार ने छात्राओं को खेलों का जीवन में महत्व पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन पर जोर दिया। उद्घाटन सत्र का संचालन डॉ.अशोक निगम ने किया। इस वॉलीबॉल प्रतियोगिता में एलएस कॉलेज विजयी रही वहीं दूसरा स्थान मेजबान आरबीबीएम को प्राप्त हुआ। सकरा कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। विजयी टीम को पुरस्कृत किया गया। मैच रफरी की भूमिका अजय कुमार सिंह, विनीत कुमार, रॉबिंस, दीपक और राहुल ने निभाई। मौके पर डॉ. अशोक साह, डॉ.अभय कुमार, डॉ.अरुणा कुमारी, डॉ.कंचन, डॉ. निशात फातिमा, डॉ.शबीना डॉ.मिंटू डॉ.धनंजय, संजय पांडे, केशू रंजन, सीमा आदि उपस्थित रहे।





