सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय को भारत सरकार की एग्री स्टैक परियोजना के तहत किसानों का डिजिटल डेटाबेस तैयार करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया गया सम्मानित

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ३० अप्रैल
सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय को भारत सरकार की एग्री स्टैक (Agri Stack) परियोजना के तहत किसानों का डिजिटल डेटाबेस तैयार करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। पटना स्थित अधिवेशन भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला में उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ ₹75,000 (पचहत्तर हजार) की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। यह सम्मान बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं एवं पुलिस महानिदेशक विनय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी रिची पांडेय के नेतृत्व में सीतामढ़ी जिले ने इस परियोजना के क्रियान्वयन में राज्य स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। एग्री स्टैक परियोजना के तहत जिले में अब तक कुल 1,80,190 किसानों की यूनिक ‘फार्मर आईडी’ (Farmer ID) तैयार की जा चुकी है। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने इस अभियान को ‘मिशन मोड’ में संचालित किया, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी श्री पांडेय ने इस सफलता का श्रेय पूरी जिला टीम को दिया, जिसमें राजस्व कर्मचारी, किसान सलाहकार, प्रखंड और जिला कृषि पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों के डेटा को एकीकृत करना है ताकि उन्हें भविष्य में उर्वरक, बीज, कृषि उपकरण और अन्य सरकारी अनुदानों का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके। जिला जनसम्पर्क अधिकारी कमल सिंह नें बताया की सीतामढ़ी के जिलाधिकारी के रूप में रिची पांडेय को उनकी प्रशासनिक कार्यकुशलता के लिए कई अन्य सम्मान भी मिले हैं, जिनमें बेस्ट DEO अवॉर्ड (2025-26): मतदाता सूची के सुदृढ़ीकरण और निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार के लिए उन्हें राज्य स्तरीय ‘बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। नीति आयोग सम्मान: ‘संपूर्णता अभियान’ के तहत महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक संकेतकों में 100% लक्ष्य हासिल करने के लिए उन्हें दो स्वर्ण पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। राजस्व कार्यों में नंबर-1: उनके नेतृत्व में सीतामढ़ी जिला राजस्व संबंधी कार्यों (दाखिल-खारिज, परिमार्जन आदि) के निष्पादन में पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर पहुँचा।




