बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सत्र 2024-26 और 2025-27 के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा परिणामों में हुई बड़ी गड़बड़ियों के खिलाफ किया ज़ोरदार प्रदर्शन

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १५ सितम्बर
बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सत्र 2024-26 और 2025-27 के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा परिणामों में हुई बड़ी गड़बड़ियों के खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि उन्हें परीक्षा में जबरन फेल किया गया है, और उन्होंने मांग की है कि मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं (आंसर शीट) 10 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाएं ताकि रिजल्ट की असल सच्चाई सामने आ सके। छात्रों का कहना है कि दोबारा मूल्यांकन (Re-evaluation) से पहले उन्हें उनकी जांची गई उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई जाएं। कॉपियों को उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने विवि में जल्द से जल्द छात्रसंघ चुनाव कराने की भी मांग उठाई है। छात्रों ने एकजुट होकर विश्वविद्यालय के धरना स्थल से कुलपति आवास तक एक आक्रोश जुलूस निकाला और मांग पत्र सौंपा। कुलपति (VC) की ओर से अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जा रहा है, जिसके बाद संशोधित रिजल्ट जारी होगा। छात्रों ने इस आश्वासन को खारिज करते हुए कहा कि वे सीधे कुलपति से बात करना चाहते थे। उन्होंने साफ किया कि बिना पुरानी उत्तर पुस्तिकाएं देखे वे दोबारा मूल्यांकन की बात नहीं मानेंगे। AIDSO के जिला अध्यक्ष शिव कुमार के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे चरणबद्ध तरीके से बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। रिजल्ट में देरी या गड़बड़ी के कारण छात्र अगले सेमेस्टर की परीक्षाओं से वंचित होने की आशंका से बेहद परेशान हैं।





