बिहारराज्यलोकल न्यूज़

एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य रहने के बावजूद मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने गैस एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश

हर हाल में होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए तथा आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए- रिची पाण्डेय, जिलाधिकारी

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २८ मार्च

एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य रहने के बावजूद मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने गैस एजेंसी संचालकों/प्रतिनिधियों के साथ सीतामढ़ी समाहरणालय में बैठक की। बैठक में डीडीसी संदीप कुमार, एडीएम आपदा प्रबंधन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह,जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ अन्य पदाधिकारी उपलब्ध थे। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि हर हाल में होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए तथा आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कालाबाजारी, कृत्रिम कमी उत्पन्न करना या उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि वसूलना जैसी शिकायतें मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि गैस वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। बुकिंग के अनुसार समय पर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और उपभोक्ताओं के साथ शिष्ट व्यवहार रखा जाए साथ ही, सभी एजेंसियां अपने स्टॉक एवं वितरण का अद्यतन रिकॉर्ड संधारित रखें, ताकि किसी भी स्तर पर जांच में पारदर्शिता बनी रहे। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से गैस एजेंसियों का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि एलपीजी एक आवश्यक सेवा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे आम जनता को प्रभावित करती है। उन्होंने सभी संचालकों से अपेक्षा की कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। बैठक के दौरान गैस संचालकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया साथ ही कई एजेंसियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button