वैशाली जिले में महिला थाना की थानाध्यक्ष को डीआईजी के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में वायरल हुए एक कथित ऑडियो के आधार पर तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित

ध्रुव कुमार सिंह, हाजीपुर (वैशाली), बिहार, १७ सितम्बर
वैशाली जिले में महिला थाना की थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी को डीआईजी के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में वायरल हुए एक कथित ऑडियो के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामले में संलिप्तता पाए जाने के बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच और पुलिस नियमावली के तहत आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच में पहली नजर में (प्रथम दृष्टया) महिला थाना, वैशाली की थानाध्यक्ष (SHO) पूर्णिमा कुमारी (पुलिस अवर निरीक्षक/Sub-Inspector) का व्यवहार अनैतिक और संदेहास्पद पाया गया इस जांच रिपोर्ट के आधार पर, उन्हें कर्तव्य के प्रति लापरवाही या गलत आचरण के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है। इससे पूर्व महिला थाना कांड संख्या 64/25 से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो क्लिप के संबंध में पुलिस उप-महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर सत्यनारायण कुमार के आदेशानुसार उक्त ऑडियो क्लिप का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के क्रम में ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता एवं पूछताछ में यह बात प्रकाश में आया कि ऑडियो दिनांक 22 अगस्त 2026 का है, साथ ही थाना परिसर में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का सत्यापन करने का भी प्रयास किया जा रहा है। उक्त संपूर्ण मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर- 2, लालगंज द्वारा की गई। जांच के दौरान वायरल ऑडियो क्लिप में महिला थाना कांड संख्या 64/25 के अभियुक्त के परिजन से बातचीत के क्रम में अभियुक्त को कांड से नाम हटाने के एवज में अनैतिक लाभ की मांग किए जाने से संबंधित तथ्य सामने आए। जांच के क्रम में संबंधित पुलिसकर्मियों एवं अन्य व्यक्तियों से पूछताछ कर उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों का परीक्षण किया गया। जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया महिला थाना की थानाध्यक्ष पु०अ०नि० पूर्णिमा कुमारी का आचरण उक्त मामले में अनैतिक एवं संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उनके उक्त आचरण उपरांत जांच प्रतिवेदन के आधार पर पु०अ०नि० पूर्णिमा कुमारी, थानाध्यक्ष महिला थाना, वैशाली को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।मामला डायल 112 के चालक नवलेश कुमार और उसकी पत्नी के विवाद से जुड़ा है. पत्नी द्वारा अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर महिला थाना में जान से मारने की कोशिश करने का केस दर्ज कराया गया था. इसी केस में चालक नवलेश कुमार की मदद करने के लिए महिला थाना प्रभारी पूर्णिमा कुमारी के द्वारा 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है. जिसका ऑडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया.




