रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग द्वारा ‘हिंदी हैं हम’ पखवाड़ा के अंतर्गत निबंध और श्रुतिलेख प्रतियोगिता आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १६ सितम्बर
हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और छात्राओं में भाषाई कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामवृक्ष बेनीपुरी महिला महाविद्यालय (RBBM College) के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग द्वारा ‘हिंदी हैं हम’ पखवाड़ा के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता और श्रुतिलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ.मधु सिंह ने अपने अध्यक्षीय भाषण से छात्राओं में राष्ट्रभाषा के प्रति चेतना का संचार किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “हिंदी सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और पहचान का मूल आधार है। इस तरह के आयोजनों से छात्राओं की लेखन क्षमता, वर्तनी की शुद्धता और वैचारिक दृष्टिकोण में व्यापक सुधार होता है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ‘हिंदी हैं हम’ पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने समसामयिक विषयों पर हिंदी के महत्व को रेखांकित करते हुए उत्कृष्ट विचार साझा किए। वहीं, भाषा की शुद्धता और लेखन कौशल को परखने के लिए आयोजित श्रुतिलेख प्रतियोगिता में भी छात्राओं का प्रदर्शन सराहनीय रहा। इस बौद्धिक व रचनात्मक प्रतियोगिता में महाविद्यालय की विभिन्न संकायों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर डॉ.अंजू सिंह, डॉ.अंकिता सिंह, डॉ.नूपुर वर्मा, डॉ.पुतुल, डॉ.अन्नू, डॉ.रूपम सहित स्नातकोत्तर हिंदी विभाग के प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। श्रुतिलेख प्रतियोगिता में स्नातक, चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा बिभा ने प्रथम, रक्षा ने द्वितीय और सुष्मिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता का परिणाम पखवाड़ा के अंत में घोषित किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिता में बीस छात्राओं ने भाग लिया। जिसमें स्नातक हिन्दी सेमेस्टर 6 की छात्रा ममता, सेमेस्टर 4 की छात्रा रक्षा, माही, तन्नू, मनीषा, वैष्णवी, सेमेस्टर 3 की छात्रा सिमरन, स्नातकोत्तर हिन्दी सेमेस्टर-2 की छात्रा अर्चना, काजल, स्नातक राजनीति शास्त्र, सेमेस्टर 6 की छात्रा रीचा एवं अन्य छात्राएं उपस्थित रहीl





