बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) से संबद्ध रामश्रेष्ठ सिंह महाविद्यालय, चोचहां में शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव निर्विरोध संपन्न

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १२ सितम्बर
रामश्रेष्ठ सिंह महाविद्यालय, चोचहां में शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण और निर्विरोध संपन्न हो गया। इस पद के लिए इतिहास विभाग के शिक्षक प्रो.अभय कुमार सिंह को सर्वसम्मति से नया शिक्षक प्रतिनिधि चुना गया। बी.आर.अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय की ओर से नियुक्त विश्वविद्यालय प्रतिनिधि एवं विज्ञान संकाय की डीन प्रो.रंजना कुमारी की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों एवं परिनियमों के अनुरूप चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेणु कुमारी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से पूरा किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ने प्रो. अभय के निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर महाविद्यालय के शासी निकाय के सचिव आमोद कुमार सिंह नें कहा की यह शिक्षा जगत और महाविद्यालय परिवार के लिए एक अत्यंत हर्ष का विषय है। चुनाव में किसी भी अन्य प्रत्याशी के सामने न आने और सभी शिक्षकों की एकजुटता के कारण यह प्रक्रिया निर्विरोध पूरी हुई। प्रो. अभय के लंबे शैक्षणिक अनुभव और लोकप्रियता को देखते हुए पूरे महाविद्यालय परिवार ने एक सुर में उनके नाम पर अपनी सहमति जताई। इस घोषणा के बाद कॉलेज के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर है। सभी ने प्रो. अभय कुमार सिंह को इस नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर दाता सदस्य विनोद कुमार सिंह नें कहा की शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में प्रो.अभय का चुना जाना निश्चित रूप से महाविद्यालय में शिक्षकों के हितों की रक्षा करने और शैक्षणिक माहौल को और बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा। इस अवसर पर प्रो.इनाम मोहम्मद, डॉ.सतीश कुमार, प्रो.विनोद कुमार राय, प्रो.विमल किशोर चौधरी, डॉ.उमेश कुमार श्रीवास्तव, डॉ.ललन कुमार शर्मा, प्रो.अरविंद कुमार ने नवनिर्वाचित शिक्षक प्रतिनिधि को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






