कौशल विकास केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका वास्तविक उद्देश्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है- रिची पांडेय, डीएम
जिला कौशल समिति (डिस्ट्रिक्ट स्किल कमिटी) की बैठक युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की हुई विस्तृत समीक्षा

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ०७ मई
सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श सभाकक्ष में जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति (डिस्ट्रिक्ट स्किल कमिटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीडीसी संदीप कुमार, डीपीआरओ कमल सिंह, जीविका के प्रतिनिधि, उद्योग महाप्रबंधक प्रिया भारती, प्रबंधक DRCC, LDM सीतामढ़ी तथा अन्य पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कौशल विकास केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका वास्तविक उद्देश्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कौशल विकास योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख तरीके से किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में संचालित सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का स्पष्ट एवं सकारात्मक आउटकम दिखना चाहिए। उन्होंने संबंधित स्टेकहोल्डर्स को पूरी प्रतिबद्धता एवं गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार एवं आजीविका से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की गई साथ ही स्थानीय उद्योगों एवं संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को स्थानीय आवश्यकता एवं क्षेत्रीय रोजगार संभावनाओं के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने जिला नियोजन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना एवं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक युवा इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में ये योजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उपयोगी साबित होंगी। बैठक में आर.शेट्टी, जन शिक्षण संस्थान तथा उद्योग विभाग, आत्मा, कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं रोजगार उपलब्धता पर चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने और कौशल विकास को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।





