बिहारराज्यलोकल न्यूज़

बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के सीनेट सभागार में ‘प्रबुद्ध भारतम्’ स्मारिका का किया गया लोकार्पण

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १३ सितम्बर

बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के सीनेट सभागार में ‘प्रबुद्ध भारतम्’ स्मारिका के लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चेतना प्रज्ञा प्रवाह (उत्तर बिहार) और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ, जिसमें उत्तर बिहार के कई प्रख्यात विद्वानों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ.राजभूषण चौधरी तथा मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय युवा आयाम प्रमुख, प्रज्ञा प्रवाह एवं महामंत्री, भारतीय विचार मंच ईशान जोशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और पारंपरिक कुलगीत के साथ हुआ। इसके उपरांत मंच पर उपस्थित मुख्य वक्ताओं और अतिथियों द्वारा ‘प्रबुद्ध भारतम्’ स्मारिका का विधिवत विमोचन किया गया। इस स्मारिका में राष्ट्र, भारतीय संस्कृति, समाज और समसामयिक विषयों पर केंद्रित विद्वानों के शोधपरक एवं वैचारिक लेखों को संकलित किया गया है। मुख्य वक्ता श्री जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि “‘प्रबुद्ध भारतम्’ केवल एक स्मारिका नहीं, बल्कि समाज को वैचारिक दिशा दिखाने वाला एक सशक्त माध्यम है। आज के समय में युवाओं को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से अवगत कराना अत्यंत आवश्यक है।” शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और अन्य अतिथियों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की प्रासंगिकता और युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर विशेष बल दिया. विश्वविद्यालय के वरिष्ठ संकाय सदस्यों और प्रशासनिक पदाधिकारियों ने चेतना प्रज्ञा प्रवाह के इस अभिनव प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे अकादमिक और वैचारिक आयोजनों को निरंतर सहयोग देता रहेगा, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास हो सके। बीआरएबीयू के विधि अधिकारी सह प्रज्ञा प्रवाह के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य डॉ.मयंक कपिला नें कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य अकादमिक और सामाजिक क्षेत्रों में राष्ट्रवादी और सकारात्मक विमर्श को बढ़ावा देना है। उत्तर बिहार की इस पावन भूमि से यह संदेश पूरे समाज में जाएगा। समारोह के अंतिम चरण में उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रो.प्रसून दत्त सिंह, देवव्रत प्रसाद, उदय शंकर सिंह, विजय शाही, संतोष कुमार अनल, डॉ.संदीप कुमार, मनीष त्रिगुणायत, कन्हैया सिंह, आशीष सिंह सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.अर्चना सिंह नें तथा धन्यवाद ज्ञापन विजय शाही द्वारा किया गया।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button