बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) के अपर महानिदेशक (ADG) ने की वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा बैठक

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, २५ सितम्बर
बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) के अपर महानिदेशक (ADG) नैय्यर हसनैन खान ने मुजफ्फरपुर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा बैठक की है। इस मौके पर प्रभारी डीआईजी, सत्यनारायण कुमार, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी,, ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर, एसडीओपी पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी, सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर समेत कई पुलिस के अधिकारियों उपस्थित थे। बैठक में एडीजी ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों को पूरी गंभीरता से लेने का निर्देश दिया है। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, पिकनिक स्पॉट और भीड़भाड़ वाले इलाकों को हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित करने को कहा गया है। इन संवेदनशील स्थानों पर तकनीकी सर्विलांस, वाहन चेकिंग और गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान लंबित मामलों की जांच और अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया। शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, जबकि बेदाग कार्यशैली और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने की बात कही गई है। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मुजफ्फरपुर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बीएसएपी के एडीजी व मुजफ्फरपुर के नोडल अधिकारी नैय्यर हसनैन खान ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा की पुलिसिंग सुधारने के लिए थाना, अनुमंडल और जिला स्तर पर केसों के निष्पादन और ट्रायल का लक्ष्य तय किया जाएगा। कार्य में शिथिलता बरतने वाले और ढीले-ढाले पुलिस अधिकारियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। भू-माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने वाले सफेदपोशों के खिलाफ सख्त एक्शन के लिए 3 महीने का एक्शन प्लान तैयार किया गया है। एडीजी ने एसएसपी को निर्देश दिए कि जनता के बीच पुलिस की छवि पूरी तरह बेदाग और मददगार होनी चाहिए। समीक्षा बैठक के बाद बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के एडीजी सह मुजफ्फरपुर जिले के नोडल प्रभारी ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए एसडीपीओ पश्चिमी-1 (पश्चिम) और सरैया एसडीपीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देशों पर किए गए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपराधिक मामलों की फाइलों को खंगाला और जिले में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कई आवश्यक निर्देश दिए। एडीजी ने लंबे समय से लंबित मामलों की जांच में तेजी लाने और उनका जल्द से जल्द निपटारा करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जमीन विवाद, हत्या, लूट, डकैती और महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों में पुलिस तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई करे। जिले में किसी भी तरह का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्तव्य के निर्वहन में कोताही बरतने या ढिलाई देने वाले पुलिस पदाधिकारियों को विशेष रूप से चिह्नित किया जा रहा है। जनता की सुरक्षा में लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ किया कि संगठित अपराध और भूमाफिया के साथ-साथ उनके सफेदपोश संरक्षकों के खिलाफ भी पुलिस एक विशेष रणनीति के तहत सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए पुलिस को अभी से पूरी तरह सतर्क रहने और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।





