बिहारराज्यलोकल न्यूज़

सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें, आमजन की समस्याओं के समाधान में प्रशासन एवं पुलिस समन्वित रूप से कार्य करें : जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, २१ जुलाई

जिलाधिकारी रिची पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड के ग्राम पंचायत लहुरिया स्थित मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदन एवं शिकायतों का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को अविलंब सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र, पेयजल, स्वास्थ्य, आवास तथा अन्य जनसेवा से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक श्री रंजन ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई से संबंधित मामलों में पुलिस प्रशासन पूर्ण संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य करेगा। शिविर में उपस्थित लाभार्थियों एवं ग्रामीणों से प्राप्त फीडबैक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी, सरल एवं सुगम तरीके से पहुँचना चाहिए। उन्होंने बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत स्तर पर कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे प्रत्येक कार्य दिवस अपने-अपने पंचायत सरकार भवन अथवा पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि आमजन को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके। बिना उचित कारण अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोनों अधिकारियों ने सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित के प्रति उत्तरदायी एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री रंजन ने उपचाररत टीबी मरीजों के बीच निक्षय मित्र पहल के अंतर्गत पोषण सहायता स्वरूप फूड बास्केट का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नियमित दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार टीबी से पूर्णतः स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के पोषण एवं उपचार सहयोग में सहभागिता निभाने का आह्वान किया। सहयोग शिविर में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ प्रखंड स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button