मुजफ्फरपुर पुलिस और एसटीएफ ने एक संयुक्त कार्रवाई में सदर थाना क्षेत्र के चर्चित हत्याकांड और जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल एक कुख्यात को किया गिरफ्तार

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १९ जुलाई
मुजफ्फरपुर पुलिस और बिहार एसटीएफ ने एक संयुक्त कार्रवाई में सदर थाना क्षेत्र के चर्चित हत्याकांड और मुजफ्फरपुर के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात राजेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। राजेश कुमार यादव मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदपुरी का निवासी था और अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर करीब आठ वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे सीतामढ़ी/मेहसी के समीप से धर दबोचा। उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी था और एफएसएल (FSL) जांच में भी हत्या की पुष्टि हो चुकी थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस सफलता के संदर्भ में विनीता सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर 02) द्वारा जानकारी दी गई की मुजफ्फरपुर के सदर थानांतर्गत एक हत्याकांड के मामले में यह अभियुक्त पिछले कई वर्षों से फरार/वांछित चल रहा था। आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के शीर्ष 10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल था, जिसकी गिरफ्तारी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता में थी। सुश्री सिन्हा के अनुसार, पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया है। अभियुक्त के पास से आपत्तिजनक सामान की बरामदगी और उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि के बारे में भी मीडिया को विस्तार से जानकारी दी गई।




