बिहारराज्यलोकल न्यूज़

बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में तीन दिवसीय योग शिविर का हुआ शुभारंभ

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १९ जून  

बी.आर.ए. बिहार विश्वविद्यालय (BRABU), मुजफ्फरपुर में तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के निर्देशानुसार किया गया है। शिविर के आयोजक सह छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो.आलोक प्रताप सिंह नें बताया की बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय के नवीन अतिथि गृह (Guest House) परिसर में इसका आयोजन हो रहा है। कुलपति प्रो.दिनेश चंद्र राय के मार्गदर्शन में यह आयोजन 21 जून 2026 को होने वाले ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ (International Day of Yoga 2026) की तैयारियों और जन-जागरूकता को समर्पित है। यह तीन दिवसीय शिविर 19 जून से 21 जून 2026 तक संचालित हो रहा है। इस आयोजन में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और शिक्षकेत्तर कर्मचारी (Non-teaching staff) बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और सामुदायिक स्तर पर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। इस तीन-दिवसीय योग शिविर का विश्ववि‌द्यालय के कुलानुशासक (Proctor) प्रो.रबीन्द्र कुमार चौधरी, भौतिकी विज्ञान के अध्यक्ष प्रो.ललन कुमार, रसायन शास्त्र के अध्यक्ष प्रो.नवेदुल हक तथा डॉ.अनुराधा पाठक, समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा योग प्रशिक्षक राजीव कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन कर आरंभ किया। योग प्रशिक्षक ने योगाभ्यास के अंतर्गत सर्वप्रथम शांतिपाठ के बाद योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न आसनों और प्राणायम का अभ्यास कराया। इस दौरान उन्होंने दैनिक जीवन में योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने में भी अचूक औषधि है। इस तीन दिवसीय योग शिविर के प्रथम दिन विश्वविद्यालय के कर्मचारी, एनएसएस (NSS) के स्वयंसेवक, विश्वविद्यालय स्थित पुरूष छात्रावास के छात्रों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरी सजगता के साथ योगाभ्यास किया और इस स्वास्थ्यवर्धक अभियान का हिस्सा बने।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button