प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में हुए अग्निकांड के दौरान मरीजों को छोड़कर फरार होने के आरोप में बंदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.पंकज कुमार निलंबित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०९ जून
मुजफ्फरपुर के बंदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार को निलंबित कर दिया गया है. उन पर 4 जून को प्रसाद हॉस्पिटल (प्रसाद क्लिनिक) के आईसीयू में हुए अग्निकांड के दौरान मरीजों को छोड़कर फरार होने, बिना अनुमति सरकारी ड्यूटी से गायब रहने और सरकारी सेवा में रहते हुए निजी अस्पताल में काम करने का गंभीर आरोप है. बिहार स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निलंबन आदेश के अनुसार, डॉ. पंकज पर कर्तव्य के प्रति लापरवाही और मरीजों की जान खतरे में डालने का दोष सिद्ध हुआ है. जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मरीजों के जीवन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. निलंबन अवधि के दौरान डॉक्टर का मुख्यालय पटना निर्धारित किया गया है. जिलाधिकारी श्री सेन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही को गंभीरता से लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपातकालीन परिस्थितियों में तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से पूर्ण जवाबदेही की अपेक्षा की जाती है। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस भयावह अग्निकांड और गंभीर लापरवाही की घटना के बाद, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से एक्शन मोड में है. मुजफ्फरपुर में सुरक्षा मानकों और सरकारी प्रोटोकॉल की अनदेखी करने वाले 25 से अधिक निजी अस्पतालों और नर्सिंग होमों पर जांच के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जा चुकी है.




