लंगट सिंह कॉलेज (LS College) में कॉलेज की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन सेल (IQAC) की पहल पर एक दिवसीय मुफ्त दंत चिकित्सा एवं परामर्श शिविर आयोजित

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, १६ मई
लंगट सिंह कॉलेज (LS College) में कॉलेज की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन सेल (IQAC) की पहल पर एक दिवसीय मुफ्त दंत चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर का औपचारिक उद्घाटन करते हुए कॉलेज की प्राचार्या प्रो.कनुप्रिया ने कहा की स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और दंत स्वास्थ्य हमारे समग्र स्वास्थ्य का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। कॉलेज आईक्यूएसी द्वारा छात्रों और स्टाफ के कल्याण के लिए की गई यह पहल की सराहना करते हुए प्राचार्या ने कहा कि हमारा उद्देश्य न केवल उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, बल्कि अपने कॉलेज परिवार को एक स्वस्थ और जागरूक जीवन शैली के लिए प्रेरित करना भी है। भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य संबंधी शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा जिससे हमारे विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति चेतना जागे और वे एक स्वस्थ नागरिक बनकर समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकें। शिविर में आने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के दांतों की निःशुल्क जांच की गई तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उचित परामर्श दिया गया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को शिविर में निशुल्क आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। डॉक्टरों की टीम ने लोगों को ओरल हाइजीन (मुंह की स्वच्छता) बनाए रखने, दिन में दो बार ब्रश करने और मसूड़ों की देखभाल के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने अपने दांतों की जांच कराई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से चिकित्सकीय परामर्श लिया। दंत चिकित्सा शिविर में मुख्य चिकित्सक डॉ.अंकित आनंद और उनकी टीम आईक्यूएसी समन्वयक डॉ.वेदप्रकाश दुबे, डॉ.नवीन कुमार, रोहन कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।





