शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण दुर्गा पूजा आयोजन एवं इस अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण के मद्देनजर जिलाधिकारी द्वारा की गई समीक्षात्मक बैठक

ध्रुव कुमार सिंह, सीतामढ़ी, बिहार, ०७ अक्टूबर
दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन और विधि-व्यवस्था की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई। बैठक में सभी जिला एवं अनुमंडल स्तरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय/अनुमंडल स्तरीय पुलिस अधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा और शांति बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य मार्गों पर सुचारू आवागमन की व्यवस्था पर जोर दिया गया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की समीक्षा की गई। शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों के सहयोग से सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की गई। जिलाधिकारी श्री सुल्तानिया नें कहा की आगामी दुर्गा पूजा त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए असामाजिक, सांप्रदायिक और शरारती तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई भी व्यक्ति या समूह लोक भावनाओं को आहत करने या सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कानूनन सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए सभी संबंधित अधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था (Law and Order) के संधारण की समीक्षा करते हुए कहा की अक्सर त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें फैलाई जाती हैं, जिसे रोकने के लिए प्रशासन के विशेष विंग सक्रिय रहेंगे। पूजा के अवसर पर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों, अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध विधि सम्मत की जाएगी कड़ी कार्रवाई।यदि कोई अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो उनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 153(A) एवं 505 (गैर जमानतीय) के अंतर्गत अविलंब कार्रवाई की जाएगी सोशल मीडिया का बेजा इस्तेमाल कर आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर रखी जा रही है नजर। इस हेतु जिला जन संपर्क कार्यालय, जिला आईटी कोषांग एवं पुलिस का साइबर सेल नजर रख रहा है। सभी पूजा समितियां को अनिवार्य रूप से लाइसेंस प्राप्त करना होगा। पूजा पंडालों की सुदृढ़ता, फायर ऑडिट तथा बिजली विभाग से आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त कर लेना उनकी जिम्मेदारी होगी। डीजे का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में अनुमान्य नहीं है। सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उनके पास उपलब्ध डीजे उपकरणों की सूची प्राप्त कर लेंगे और उन्हें अवगत करा देंगे कि अगर किसी भी प्रकार का प्रयोग किया जाता है तो इसके लिए वे व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे और उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निर्देश दिया गया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इस अवसर पर कोई भी प्रतिमा का स्थापना/जुलूस बिना आवश्यक लाइसेंस के नहीं हो। सभी थानाध्यक्ष की यह व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि सभी पूजा समिति के आयोजक अनिवार्य रूप से लाइसेंस प्राप्त कर लें। वे सुनिश्चित कर लें कि बिना लाइसेंस के कोई भी प्रतिमा/जुलूस नहीं निकले और लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति अनुमंडल पदाधिकारी देंगे।रात्रि 10:00 बजे बजे के बाद लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी। सरकार के द्वारा निर्धारित अधिसीमा के अंतर्गत ही यह मान्य है। एसडीओ एवं SDPO ट्रैफिक प्रबंधन हेतु अपने मुख्यालय स्तर पर विशेष दल का गठन कर प्रत्येक स्थानों खासकर जिला/अनुमंडल के ट्रैफिक व्यवस्था हेतु सुव्यवस्थित प्रस्ताव देंगे। प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सदर अनुमंडलीय अस्पताल, सदर जिला अस्पताल में पालीवार डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति सिविल सर्जन करेंगे तथा इन्हें किसी भी आकस्मिकता की स्थिति से निपटने हेतु तैयार अवस्था में रखेंगे साथ ही चलंत एवं स्टैटिक मेडिकल टीम का भी गठन करेंगे। नगर आयुक्त नगर निगम एवं सभी नगर निकायों के कार्यपालक अधिकारी पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। पूजा समिति द्वारा भी सफाई हेतु अपनी व्यवस्था की जाएगी। नगर आयुक्त नगर निगम एवं सभी नगर निकायों के कार्यपालक अधिकारी सभी स्ट्रीट लाइट को चालू रखना तथा खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मती कराकर उसे भी चालू रखना सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग जुलूस के रास्ते में पड़ने वाले लूज तारों, पंडाल के आसपास में भीड़–भाड़ वाले इलाकों में पड़ने वाले विद्युत पोलो,तारों आदि का निरीक्षण कराकर उसे अविलंब वी ठीक कराना एवं जर्जर तारों को बदलवाना सुनिश्चित करेंगे। शराब की तस्करी पर पैनी नजर रखते हुए कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। उत्पाद अधीक्षक को निर्देशित किया गया है कि पुलिस विभाग एवं एस एस बी से समन्वय स्थापित कर लगातार छापामारी करना सुनिश्चित करेंगे।बॉर्डर एरिया पर विशेष ध्यान देंगे। शराब माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करेंगे। औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया गया है कि वैसे ड्रग जिसे मादक पदार्थ के रूप में उपयोग किया जा सकता है उन पर पूर्णतः निषेध करने के दृष्टिगत एंटी नारकोटिक्स के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाएंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि नियमित रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाना सुनिश्चित करेंगे। हेलमेट नहीं पहनने वालों को या काला शीशा का उपयोग करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुकूल कार्रवाई करेंगे। लहरिया कट एवं बाइकर्स गैंग पर कठोर कार्रवाई करते हुए उनका वाहन जब्त करने की करवाई करने का निर्देश दिया गया।





