बिहारराज्यलोकल न्यूज़

डीएम और एसएसपी द्वारा बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर वज्रगृह और मतगणना केंद्र का किया गया निरीक्षण

ध्रुव कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर, बिहार, ०६ अक्टूबर

बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्र द्वारा एमआईटी (MIT-मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) का दौरा किया गया। एमआईटी परिसर में ही इस चुनाव का वज्रगृह (Strong Room) और मतगणना केंद्र (Counting Center) बनाया गया है। अधिकारियों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से मतगणना संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने भवन कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों एवं मापदंडों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध ढंग से समुचित तैयारी करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि 27 अक्टूबर को एमआईटी के प्रशासनिक भवन में मतगणना होना है। एमआईटी में ही मुजफ्फरपुर जिला का डिस्पैच सेंटर रहेगा। साथ ही यहाँ चारों जिला- मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर एवं वैशाली- का पोल्ड बैलट बॉक्स स्ट्रॉंग रूम भी रहेगा। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण माहौल में बिहार विधान परिषद का तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन सम्पन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। मतगणना इसका एक महत्वपूर्ण भाग है। सभी पदाधिकारी सजग एवं तत्पर रहकर सुदृढ़ एवं त्रुटिहीन ढंग से तैयारी करें। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेशों तथा प्रोटोकॉल के अनुरूप वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि परिसर में किसी के भी अनधिकृत प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियंत्रण कक्ष को क्रियाशील रखें। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी करें। विधि व्यवस्था संधारण हेतु दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करें। जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पोल्ड बैलट बॉक्स संग्रहण एवं मतगणना के अवसर पर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुगम यातायात प्रबंधन तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेगा। निरीक्षण के दौरान उप-मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, तिरहुत प्रमंडल-सह-उप-निर्वाचन पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर सत्यप्रिय कुमार द्वारा जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में पोल्ड बैलट बॉक्स वज्रगृह-सह-मतगणना केन्द्र के बारे में आयोग के दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से बताया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button